परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1450 नई बसें चलाई गईं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण की सराहना करते हुए कहा कि इसमें दिल्ली के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने मात्र दस महीनों में ही दिल्ली को विकास की नई दिशा दी है और जनता को इसके सकारात्मक परिणाम नजर आने लगे हैं।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करने वाली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना लागू कर अब तक 6.72 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी किए हैं, वहीं 238 आयुष्मान मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं और 29 जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत 150 डायलिसिस मशीनें लगाई गई हैं। शिक्षा क्षेत्र में मनमानी फीस पर रोक के लिए विधेयक पारित किया गया और 75 सीएम श्री विद्यालय खोले गए हैं।
उन्होंने बताया कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1450 नई बसें चलाई गई हैं। 36 हजार इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं और 150 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है। बारापूला फेज-3 का काम दोबारा शुरू हुआ है और नंद नगरी फ्लाईओवर पूरा किया गया है। बिधूड़ी ने कहा कि जलभराव, प्रदूषण नियंत्रण, ड्रेनेज प्लान, ईज ऑफ डुइंग बिजनेस और सामाजिक योजनाओं के जरिए भाजपा सरकार दिल्ली के विकास को नई गति दे रही है।