नई दिल्ली। कोरोना महामारी में स्कूल बंद होने के बाद भी अब प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों की लाइब्रेरी की गतिविधियां जारी रहेंगी। शिक्षा निदेशालय ने अब रूम टू रीड स्टोरी किट से बच्चों को गतिविधियों से जोड़े रखने का फैसला किया है। इसके लिए फिलहाल 99 सर्वोदय स्कूलों की पहचान की गई है। इनके तीसरी से पांचवीं तक के बच्चों को यह किट उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्कूल बंद होने से बच्चे लाइब्रेरी से पुस्तकें नहीं ले सके। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने महसूस किया कि यदि बच्चों को कुछ अतिरिक्त सहायता सामग्री प्रदान की जाएगी तो इससे उन्हें लाभ होगा। शिक्षा निदेशालय और रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों के लिए पुस्तकालय के अनुभवों को समृद्ध करने के लिए पहले से मिलकर काम कर रहे हैं।
अब रूम टू रीड इंडिया ने बच्चों के लिए यह किट तैयार की है। इसमें एक स्टोरी वर्कशीट बुक, दस पेसिंल का एक पैकेट, दो कलर के सेट, एक फोल्डर शामिल है। निदेशालय का मानना है कि इससे बच्चे गतिविधियों से जुड़े रहेंगे तो उन्हें लाभ होगा। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में स्कूल प्रमुखों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
स्कूल प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि तीसरी से पांचवीं तक के बच्चों को यह किट जल्द से जल्द उपलब्ध हो। अभिभावक स्कूल में यह किट लेने के लिए आएंगे। कोरोना प्रोटोकोल को देखते हुए एक क्लास में एक बार केवल दस ही अभिभावकों को एंट्री दी जाएगी। वहीं सामाजिक दूरी व अन्य मानकों का ख्याल भी स्कूलों को रखना होगा।