Less than one thousand infected in Delhi after 52 days
नई दिल्ली। राजधानी में बीते 24 घंटे में कोरोना के 954 नए केस मिले हैं, जो पिछले 52 दिनों में सबसे कम हैं। इससे पहले 27 मई को 792 केस आए थे। एक जून के बाद राजधानी में संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़े। 10 से 30 जून के दौरान यह आंकड़ा रोजाना औसतन 2500 तक पहुंच रहा था, लेकिन बीते 25 दिन से लगातार कमी आ रही है। अब प्रतिदिन औसतन 1400 केस नए मिले रहे हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या कम आने के पीछे बड़ी वजह यह भी है कि बीते 24 घंटों में महज 11470 लोगों की जांच की गई। इससे पहले प्रतिदिन 19000 के करीब जांच हो रही थी।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में 35 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, विभिन्न अस्पतालों से इलाज के बाद 1784 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। कुल संक्रमितों की संख्या 1,23,747 हो गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 3663 तक पहुंच चुका है। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की संख्या भी घटकर 8379 रह गई है।
कोविड अस्पतालों में इस समय 15475 बेड उपलब्ध हैं, जिनमें 3517 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटर में 2165 और हेल्थ सेंटर मेें 151 मरीजों का इलाज चल रहा है। हेल्थ सेंटर में 544 और कोविड केयर सेंटर में 9454 मरीजों को रखने की क्षमता है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, अब तक दिल्ली में 8,30,459 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। यहां प्रति 10 लाख की आबादी पर 43708 लोगों की जांच हो रही है, हालांकि सोमवार को जांच संख्या काफी कम रही और सिर्फ 11470 जांच की गई। हालांकि संक्रमण दर बढ़कर 8.2 फीसदी हो गई।
ऐसे बढ़े और घटे मामले
तारीख मामले
27 मई 792
8 जून 1510
12 जून 2137
18 जून 2877
20 जून- 3630
23 जून- 3947 ( सबसे ज्यादा)
30 जून- 2199
7 जुलाई- 2008
11 जुलाई- 1781
12 जुलाई 1573
13 जुलाई 1246
17 जुलाई- 1462
19 जुलाई 1211
20 जुलाई- 954 ( एक हजार से कम)