नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की हाईटेक जापानी सैनिटाइजेशन मशीन पर प्रदेश भाजपा ने सवाल उठाया है। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछा है कि कोरोना महामारी के मद्देनजर समूची दिल्ली में सैनिटाइजेशन के लिए विशेष तौर पर जापान से मंगाई गईं हाईटेक मशीनें आज कहां हैं। इसे लेकर बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र भी लिखा है।
बिधूड़ी ने कहा दिल्ली सरकार ने 13 अप्रैल को यह जानकारी दी थी कि दिल्ली में कोरोना महामारी पर काबू पाने के लिए जापान की 10 हाईटेक मशीनों की मदद से सैनिटाइजेशन का जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। मीडिया में इसकी बड़ी तस्वीरें भी छपी थीं। आश्चर्य की बात यह है कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद ये मशीनें दिल्ली की सड़कों पर कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं। यह स्थिति तब है जब कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 652 तक पहुंच गई है। लोग कोरोना वायरस से बड़ी संख्या में संक्रमित हो रहे हैं।
बिधूड़ी ने कहा कि यदि जापान से मंगाई गई इन मशीनों का दिल्ली में कहीं भी सैनिटाइजेशन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है तो यह प्रशंसा की बात है लेकिन यदि केवल प्रचार पाने के लिए इन मशीनों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया तो यह बहुत ही आपत्तिजनक है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि आज दिल्ली कोरोना महामारी से त्रस्त है। कंटेनमेंट जोन लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में यदि ये मशीनें वाकई उपलब्ध हैं तो दिल्ली के हर क्षेत्र में सैनिटाइजेशन के लिए इनका इस्तेमाल किया जाना चाहिए। ये मशीनें उपलब्ध नहीं हैं तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन्होंने जिन मशीनों के बारे में जानकारी दी थी, वह फिलहाल कहां हैं।