ईस्ट ऑफ कैलाश में बतौर किराएदार रहने वाली एक युवती ने अपनी मकान मालकिन पर कथित तौर पर ‘आतंकवादी’ कहने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि कश्मीरी होने के नाते उसे निशाना बनाया जा रहा है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालकिन तथा उसके साथ आए एक अन्य शख्स पर मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पुलिस के अनुसार युवती व मकान मालकिन के बीच किराए को लेकर विवाद है।
युवती ने ट्वीट कर कहा कि उसकी मकान मालकिन ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े और 20 हजार रुपये चुरा लिये। इसके बाद दिल्ली महिला आयोग भी हरकत में आ गया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस को 19 अक्तूबर को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
पुलिस के अनुसार मूूलत: श्रीनगर की राजबाग की रहने वाली युवती अपनी बहन के साथ ईस्ट ऑफ कैलाश के ई ब्लॉक में रहती है। यह फ्लैट तरुणा मखीजा का है। बुधवार रात युवती ने सौ नंबर पर कॉल कर कमरे का लॉक तोड़कर चोरी करने की शिकायत की। सूचना मिलते ही अमर कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के मुताबिक बुधवार रात कमरे का लॉक तोड़कर घर में चोरी करने की शिकायत मिली थी। वहां मकान मालकिन और किराएदार के बीच झगड़ा था। युवती की शिकायत पर मकान मालकिन के खिलाफ अनाधिकृत प्रवेश, मारपीट, आपत्तिजनक शब्द कहने, चोरी करने सहित अन्य धाराओं मामला दर्ज कर लिया है।
युवती का आरोप है कि बुधवार रात जब वह वापस लौटी तो उसके घर का ताला टूटा हुआ था और उसकी मकान मालकिन वहां मौजूद थी। इन लोगों ने कथित रूप से फर्नीचर तोड़ दिया और कपड़े तथा नकदी चुरा ली। पुलिस कर्मियों के सामने ही मकान मालकिन और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने उसे और उसके दोस्त को ‘आतंकी’ कहा।
महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने युवती को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। मालीवाल के मुताबिक आयोग की टीम पीड़िता के संपर्क में है। वहीं, आयोग ने पुलिस को एक नोटिस जारी कर एफआईआर की कॉपी, इस मामले में की गई गिरफ्तारी और युवती व उसके दोस्त के सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम की जानकारी मांगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मकान मालकिन ने भी युवती पर जून से किराया और बिजली बिल न देने का आरोप लगाया है। इस कारण फ्लैट का बिजली कनैक्शन भी कट गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में पता चला कि बुधवार रात मकान मालकिन किराया मांगने पहुंची थी। इस बात पर युवती व उसके बीच विवाद हो गया। मकान मालकिन ने युवती व उसके दोस्त को कथित तौर पर ‘आतंकी’ कह दिया।