नई दिल्ली। नांगलोई इलाके में रविवार को क्रिकेट खेलने के दौरान हुए झगड़े में 17 साल के नाबालिग की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार नाबालिगों समेत छह आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग का पिता भी है। पिता पर आरोप है कि हमला करने के लिए उसने नाबालिग को चाकू दिया था।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार दोपहर वीना एंक्लेव रेलवे फाटक के पास मैदान की है। मृतक और सभी आरोपी कैंप नंबर 4 के रहने वाले हैं। रविवार को क्रिकेट खेलने के दौरान इनका आपस में विवाद हो गया था। मामले को सुलझा लिया गया था लेकिन कुछ देर बाद पीड़ित नाबालिग अपने दोस्तों के साथ वापस मैदान में आ गया।
यह देखकर आरोपी नाबालिग झगड़ा करने लगा और उसने 17 साल के किशोर को चाकू मार दिया। घटना के बाद परिजनों ने किशोर को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को आरोपी नाबालिगों के बारे में पता चला। पुलिस ने चारों नाबालिगों को दबोच लिया।
पूछताछ में चाकू से हमला करने वाले नाबालिग ने बताया कि चाकू उसके पिता व एक अन्य युवक ने उन्हेें दिया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी के पिता और युवक को भी दबोच लिया।