नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में मंगलवार शाम एक नाबालिग और उसके दोस्त को पकड़ा है। वारदात से करीब 20 दिन पहले नाबालिग की युवक ने किसी बात पर पिटाई कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। युवक का शव 12 अक्तूबर को खाली प्लॉट में मिला था।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कृष्ण कॉलोनी, प्रहलादपुर निवासी विशाल उर्फ गोपी के तौर पर हुई थी। वहीं मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजीत के तौर पर हुई है। पुलिस ने एक पेपर कटर, एक चाकू और मोबाइल फोन इनसे बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि बीती 12 अक्तूबर को पुलिस को एक प्लॉट में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। केस की जांच के दौरान टीम को पता चला कि वारदात वाली रात से इलाके में रहने वाला एक नाबालिग और सुरजीत लापता है। पुलिस टीम ने नाबालिग को उसके घर के पास से पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर सुरजीत को कृष्ण नगर स्थित उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी विशाल से लड़ाई हो गई थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने सुरजीत के साथ साजिश रच विशाल को सिगरेट पीने के लिए बुलाया था। दोनों ने मिलकर विशाल की चाकू घोंप कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।