दिल्ली में हर दिन कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही सक्रिय मामलों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। राजधानी में कुल सक्रिय यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15 हजार पार हुई है। जोकि हाल ही में 10 गुना से भी अधिक बढ़ोतरी है। बीते आठ दिनों की तुलना करें तो दिल्ली में कोरोना सक्रिय मामलों में 10 गुना से भी अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह संख्या राष्ट्रीय स्तर पर छह फीसदी से अधिक भागेदारी भी बता रही है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ने की वजह से देश के सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में अब दिल्ली भी शामिल हुई है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि भी की है।
उधर स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि दिल्ली में अभी 11 जिलों में हालात लगभग एक जैसे हैं लेकिन यहां छह जिलों में स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। उत्तर पश्चिम और दक्षिणी दिल्ली जिले में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे अधिक पहुंच गई है। यहां रोजाना नौ से 11 फीसदी तक सैंपल कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि बीते दो दिन की स्थिति देखें तो पूरे राज्य में दैनिक संक्रमण दर पांच से बढ़कर 10 फीसदी तक जा पहुंची है।
आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के उत्तर पश्चिमी इलाके में सबसे अधिक कोरोना संक्रमण फैला है। यहां 29 दिसंबर से चार जनवरी के बीच 10.70 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं दक्षिणी दिल्ली जिला में 9.18, पूर्वी दिल्ली में 7.60, पश्चिमी दिल्ली में 7.55, नई दिल्ली में 6.49 और मध्य दिल्ली जिला में बीते एक सप्ताह के दौरान 5.83 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इसी तरह दिल्ली के दूसरे जिलों की बात करें तो उत्तर दिल्ली में 4.16, दक्षिण पूर्वी में 3.95, शाहदरा में 3.89, उत्तर पूर्वी में 3.58 और दक्षिण पश्चिमी जिले में 3.31 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं।