जौनपुर के वीडियो को उत्तमनगर का बता फैलाई दोहरे हत्याकांड की अफवाह
नई दिल्ली। कुछ शरारती तत्वों ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर द्वारका के उत्तमनगर इलाके में दोहरे हत्याकांड की अफवाह फैला दी। सूचना पर पुलिस ने उत्तमनगर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि उक्त वीडियो यूपी के जौनपुर जिले का था, जहां नाली के विवाद में गोली मारकर पुत्र की हत्या कर दी थी, जबकि पिता गोली लगने से गंभीर रूप से घायल थे। हकीकत सामने आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, वहीं वीडियो वायरल करने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। साइबर क्राइम सेल ने कुछ लोगों के व्हाट्सएप अकाउंट भी खंगाले हैं, जिन्होंने वीडियो को द्वारका का बताकर प्रचारित किया था।
चाकू बाजी की घटना के बाद वायरल किया वीडियो
उत्तमनगर के होली चौक इलाके सोमवार को एक युवक को कुछ लोगों ने जनाजे के बीच चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया था। इस वारदात के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर जौनपुर के वीडियो को वायरल इसे घायल युवक से जोड़ दिया गया।
सड़क पर तड़पता रहा युवक, किसी ने नहीं की मदद
चाकू मारने के मामले में जहां एक तरफ बदमाशों ने बेरहमी दिखी वहीं लोगों की असंवेदनशीलता थी। दिनदहाड़े बीच सड़क पर युवक तड़पता रहा और लोग पुलिस का इंतजार करते रहे। पुलिस आने के बाद ही घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जा सका। घायल युवक की पहचान अंकित के रूप में हुई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।