-जैव चिकित्सा अनुसंधान के लिए सर्वोच्च सम्मानों में से है एक, ब्रेस्ट कैंसर पर शोध की दिशा में होगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बायोसाइंसेज विभाग की प्रोफेसर निदा जमील खान को लगभग 53 लाख रुपये का शोध अनुदान मिला है। यह अनुदान भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने एपिजेनेटिक थेरेप्यूटिक्स फॉर ट्रिपल-नेगेटिव ब्रेस्ट कैंसर पर शोध के लिए प्रदान किया।
जामिया के अनुसार यह सम्मान भारत में जैव चिकित्सा अनुसंधान के लिए सर्वोच्च सम्मानों में से एक है। यह अनुदान प्रो. खान और उनकी टीम को टीएनबीसी प्रगति में शामिल प्रमुख एपिजेनेटिक बायोमार्करों को लक्षित करने वाले बीईटी अवरोधकों को डिजाइन, विकसित और मान्य करने में सक्षम बनाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य इन-सिलिको ड्रग डिजाइन, इन विट्रो असेस और प्रीक्लिनिकल स्टडीज के माध्यम से नए चिकित्सीय लक्ष्यों की पहचान करना है, जो ब्रेस्ट कैंसर के सबसे आक्रामक और चिकित्सीय रूप से चुनौतीपूर्ण प्रकारों में से एक के लिए नई और प्रभावी उपचार रणनीतियों की खोज में संभावित रूप से योगदान देगा।
इस संबंध में प्रो. निदा जमीन खान ने कहा, आईसीएमआर से यह अनुदान प्राप्त करके गौरवान्वित हूं। यह ट्रिपल-नेगेटिव ब्रेस्ट कैंसर के लिए सार्थक चिकित्सीय हस्तक्षेपों में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करता है। यह अनुदान दो वर्षों के लिए वित्त पोषण प्रदान करेगा। उन्नत प्रयोग, अग्रणी विशेषज्ञों के साथ सहयोग और नवीन चिकित्सीय दृष्टिकोणों के विकास में सुविधा होगी।
यह पहल आईसीएमआर के अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने और भारत के सामने मौजूद स्वास्थ्य सेवा संबंधी चुनौतियों का समाधान करने के मिशन के अनुरूप है। प्रो. निदा जमील खान कैंसर जीवविज्ञानी हैं, जिन्हें कैंसर जीव विज्ञान, मोलेक्युलर जेनेटिक्स और सेल बायोलॉजी में 16 वर्षों से अधिक का शिक्षण और अनुसंधान का अनुभव है।