जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बी.आर्क) के चौथे वर्ष के छात्र कैफ अली को प्रतिष्ठित ई- वाई छात्रवृत्ति 2021 से सम्मानित किया गया है। कैफ अली को ई-वाई छात्रवृति में एक लाख रुपये और भविष्य-केंद्रित कौशल डिजिटल क्रेडेशियल्स में ट्रेनिंग व पढ़ाई का मौका भी मिलेगा। इसके अलावा अर्न्स्ट एंड यंग (ई- वाई) के साथ अपनी पसंद की सेवा लाइन में दो महीने की इंटर्नशिप भी प्राप्त होगी। इससे पहले जून महीने में कैफ अली को उनके कोविड-19 नवाचार- 'कोविड -19 इनोवेशन स्पेस एरा' के साथ दुनिया को बदलने में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'द डायना अवार्ड 2021' से सम्मानित किया जा चुका है।
जामिया की कुलपति प्रो. नजमा अख्तर ने दूसरी महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए कैफ को बधाई दी है। कुलपति प्रो. कुमार ने कहा कि यह कैफ अली की कड़ी मेहनत और लीक से हटकर सोच का नतीजा है। इसके उनके चलते वे खुद का भविष्य सुरक्षित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय का भी रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंतराल पर दूसरा अंतर्राष्ट्रीय सम्मान गौरव की बात है। कैफ अली ने इस सम्मान के लिए कहा कि मैंने नवाचारों के माध्यम से जलवायु कार्रवाई और युवा नेतृत्व की दिशा में प्रदर्शन करके एक बेहतर कामकाजी दुनिया बनाने का सपना देखा है। मैं एक स्थिरता पेशेवर के रूप में नेतृत्व करना चाहता हूं। मैंने इस दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने का सपना देखा है, जिसे मैं पूरे जोश के साथ पूरा करूंगा। हालांकि इसमें हम सबकी सहभागिता जरूरी होगी।
ई-वाई स्कॉलरशिप प्रोग्राम बिजनेस केस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों की उद्यमशीलता की दृष्टि से पहचान करता है। इसी के आधार पर कैफ अली का चयन और पुरस्कृत किया जा रहा है। ई- वाई स्कॉलरशिप 2021 के लिए देश भर से 11,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए थे। शीर्ष 50 प्रतिभागियों को स्क्रीनिंग प्रक्रिया के बाद अंतिम पिचिंग दौर के लिए चुना गया था। शीर्ष 10 विजेताओं को आख्रिर में ई- वाई स्कोलर्स के रूप में नामित किया गया है। ई -वाई स्कॉलरशिप भारत के किसी भी कॉलेज में अंडरग्रेजुएट कोर्स करने वाले छात्रों को प्रदान की जा सकती है। छात्रवृत्ति कार्यक्रम में एक बेहतर कामकाजी दुनिया के निर्माण पर 'बिजनेस केस' प्रस्तुत करना होता है। बिजनेस केस लाभ के लिए या गैर-लाभकारी संगठन के लिए हो सकता है।