नई दिल्ली। हाईकोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) को निर्देश दिया कि स्नातक अंतिम वर्ष के उन छात्रों के परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करे, जिन्होंने विदेशी विश्वविद्यालयों में दाखिला लिया है। पीठ ने ऐसे छात्रों की सुविधा के लिए एक सप्ताह के भीतर नया ई-मेल आईडी बनाने और वेबसाइट पर अपडेट करने का निर्देश डीयू प्रशासन को निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति हिमा कोहली और न्यायमूर्ति एस सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने कहा कि डीयू विदेशी विश्वविद्यालय को यह आश्वासन भी देगा कि संबंधित छात्रों के परिणामों की जानकारी जल्द से जल्द दी जाएगी। पीठ ने कहा कि डीयू अंतिम वर्ष के स्नातक छात्रों के परिणाम शीघ्र घोषित करे ताकि उन्हें विदेशों में अपने दाखिले से हाथ न धोना पड़े।
अदालत ने विश्वविद्यालय को एक ई-मेल आईडी बनाने का भी निर्देश दिया ताकि विदेशी विश्वविद्यालयों में अंतरिम प्रवेश हासिल करने वाले छात्र पूरे विवरण के साथ अपना अनुरोध भेज सकें। ऐसे अनुरोध पर विश्वविद्यालय कदम उठा सकेगा और विदेशी विश्वविद्यालयों से भी संपर्क साधेगा।
पीठ ने यह आदेश डीयू की ओर से यह बताने के बाद दिया कि हाईकोर्ट की एकल पीठ इस संबंध में सात जुलाई को पहले ही आदेश पारित कर चुकी है और डीयू के नतीजे जल्द घोषित करने के आदेश पर पूरी तरह अमल किया जाएगा। इस आदेश में एकल न्यायाधीश ने विदेशी विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों के परिणामों शीघ्र जारी करने के लिए कहा था।
एकल पीठ ने यह भी कहा था कि जहां तक स्नातक पाठ्यक्रमों का संबंध है, विदेशी विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने वाले छात्र डीन (परीक्षा) को ई-मेल लिखकर उन्हें सूचित कर सकते हैं।