-एम्स दिल्ली की डॉ. उमा कुमार अंतरराष्ट्रीय शोध में शामिल, स्जोग्रेन बीमारी पर नई दवा आनालूमैब के असर का हुआ अध्ययनट
- आंखों और मुंह का सूखापन न करें नजरअंदाज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आंखों में बार-बार सूखापन, मुंह में लार की कमी और लगातार थकान को लोग अक्सर सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन ये लक्षण स्जोग्रेन नाम की गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी के भी हो सकते हैं। इस बीमारी में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपनी ही आंसू और लार बनाने वाली ग्रंथियों को नुकसान पहुंचाने लगती है। अब इस बीमारी के इलाज को लेकर नई दवा आनालूमैब से उम्मीद जगी है। इस दवा के असर को लेकर हुए अंतरराष्ट्रीय शोध में दिल्ली एम्स के रूमेटोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. उमा कुमार ने भी योगदान दिया है। शोध अक्तूबर 2026 में जर्नल द न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित हुआ है। इसमें नेप्चुनस-1 और नेप्चुनस-2 परीक्षणों के आधार पर स्जोग्रेन बीमारी के इलाज में आनालूमैब की प्रभावशीलता का अध्ययन किया गया।
डॉ. उमा कुमार के अनुसार, स्जोग्रेन बीमारी मरीजों की रोजमर्रा की जिंदगी को काफी प्रभावित करती है। लगातार मुंह सूखने से दांतों में कैविटी और दूसरी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, आंखों में सूखेपन के कारण जलन और परेशानी बनी रहती है। इसके अलावा लगातार थकान रहने से मरीजों को सामान्य काम करने में भी दिक्कत होती है। स्जोग्रेन एक ऑटोइम्यून बीमारी है। इसमें शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता गलती से अपने ही स्वस्थ अंगों और ऊतकों पर हमला करने लगती है। इसका सबसे ज्यादा असर आंसू और लार बनाने वाली ग्रंथियों पर पड़ता है। इससे आंखों में आंसू कम बनते हैं और मुंह सूखने लगता है। कुछ मामलों में यह बीमारी शरीर के दूसरे अंगों को भी प्रभावित कर सकती है।