नई दिल्ली। रेलवे ने करनैल सिंह स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबलों के लिए परिवर्तित किया है। इस स्टेडियम में पांच क्रिकेट प्रैक्टिस पिच बनाई गई हैं। इन पिच के चारों ओर फ्लड लाइट लगाई गई हैं जो खिलाड़ियों को रात में भी प्रैक्टिस करने में सहायता करेंगी। यहां रणजी ट्राफी मैच भी आयोजित किये जाएंगे।
फिट इंडिया अभियान के तहत उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली स्थित करनैल सिंह स्टेडियम में फिट इंडिया साइक्लोथान का आयोजन किया। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने नव निर्मित 5 क्रिकेट प्रैक्टिस पिचों का भी उद्घाटन किया। गंगल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज का नारा दिया है। प्रत्येक भारतीय को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रत्येक दिन आधा घंटा देना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के एक भाग के रूप में साइक्लोथान आयोजित किया जा रहा है। अपने आप को फिट रखकर हम इस कोविड महामारी को हरा सकते हैं। स्टेडियम में भविष्य में बनने वाले बाक्सिंग हॉल, बहु प्रयोजन हाल और नवीनीकृत रूम एक साथ एक ही स्थान पर कई खेलों को आयोजित करने में सहायता करेंगे। इसके स्टेडियम को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।