प्रधानमंत्री ने अपने आवास से विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन तक किया येलो लाइन से सफर
वापसी में भी सार्वजनिक परिवहन मेट्रो को तरजीह दी, दूसरे ट्रैक पर आवाजाही रही सामान्य
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक परिवहन का सहारा लिया। सुबह करीब 10:30 बजे येलो लाइन मेट्रो से प्रधानमंत्री ने अपने आवास से विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन तक की यात्रा की। लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन में कार्ड से प्रवेश किया। रूट पर मेट्रो आने तक थोड़ी देर के लिए इंतजार भी किया। प्रधानमंत्री ने बीच सफर में सहयात्रियों से बातचीत की और बीच-बीच में ठहाके भी लगाए। वापसी में भी प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन मेट्रो को ही तरजीह दी। करीब 12:40 बजे वह मेट्रो से ही वापस लौटे।
उधर, प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान मेट्रो सेवाएं सामान्य तौर पर चलीं। दूसरी दिशा में जाने वाली ट्रेनों काे सामान्य तरीके से चलाया गया। यात्रा में पड़ने वाले किसी भी स्टेशन पर लोगों के प्रवेश को बंद नहीं किया गया। सभी स्टेशन इस दौरान खुले थे। हालांकि, इस दौरान मेट्रो रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। जिस प्लेटफार्म से मेट्रो गुजर रही थी, उस पर अतिरिक्त सुरक्षा रखी गई। इस दौरान उस प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों को एक जगह इकट्ठा नहीं होने दिया गया। खासतौर पर उस कोच के ठहराव के नजदीक, जिस पर प्रधानमंत्री सवार थे।
मोदी ने मेट्रो का किया इंतजार
लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर पहुंचकर मोदी मेट्रो का इंतजार भी करते नजर आए। उन्होंने विश्वविद्यालय तक मेट्रो में सफर के लिए टोकन खरीदा। इसके बाद स्टेशन में प्रवेश किया। वह अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ एस्कलेटेर के जरिये प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। शुरुआत में पीएम मोदी के आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। हालांकि, धीरे-धीरे पीएम मोदी छात्रों से घिरे नजर आए। इस दौरान उन्होंने छात्रों से भविष्य से जुड़े सवाल भी किए और अनुभव साझा किए। एक छात्र ने मोदी से बातचीत के दौरान बताया कि वह रांची से है और उसके कई दोस्त विदेश से हैं। इस पर मोदी ने कहा कि भाषा किसी तरह की बाधा नहीं बननी चाहिए।
स्टेशन रहे कुछ देर बंद
पीएम मोदी के आने से पहले ही लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। स्टेशन में प्रवेश करने वाले यात्रियों की सख्ती के साथ जांच की जा रही थी। जब मोदी मेट्रो से यात्रा कर रहे थे तो कुछ देर के लिए सुरक्षा कारणों की वजह से विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के सभी प्रवेश व निकासी के गेट बंद कर दिए गए थे, जिससे यात्रियों को बाहर व अंदर जाने के लिए इंतजार करना पड़ा।