विवेक विहार में दो महिला मकान गिरने का मामला
रेलवे लाइन से महज 24 मीटर दूर था मकान
ट्रेनें गुजरने से होने वाले कंपन को भी हादसे की संभावित वजह माना
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा के ज्वाला नगर में दो मंजिला मकान ढहने के हादसे के बाद नगर निगम की तरफ से जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया कि यह मकान रेलवे की जमीन पर बना था। मकान रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था और रेलवे लाइन से इसकी दूरी करीब 24 मीटर थी। इस मकान में भूतल, पहली और आंशिक रूप से दूसरी मंजिल थी।
रिपोर्ट के अनुसार मकान की छत लाल पत्थर की पटियों और लोहे के गार्डर से बनी थी। हादसे में पहली मंजिल की लाल पत्थर वाली छत और आंशिक रूप से बनी दूसरी मंजिल को सहारा देने वाले गार्डर ढह गए। इसके चलते मकान का हिस्सा गिर गया और लोग इसकी चपेट में आ गए। एमसीडी की रिपोर्ट में मकान की जर्जर और पुरानी संरचना के साथ रेलवे लाइन से नजदीकी को भी हादसे के संभावित कारणों में शामिल किया गया है। स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रेनों के गुजरने से होने वाला कंपन भी मकान ढहने की एक संभावित वजह हो सकता है। हालांकि इसे हादसे का प्रमाणित कारण की अभी जांच की जा रही है।