20 जुलाई तक जमा करने होंगे आवेदन फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया के जामिया स्कूल्स हॉस्टल (बॉयज) में सीट नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में जामिया ने सूचना जारी की है। इसके अनुसार छात्र जामिया की वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
छात्र 20 जुलाई तक प्रोवोस्ट कार्यालय में आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे, जबकि हॉस्टल फीस जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है। प्रशासन ने छात्रों से समय रहते आवेदन और शुल्क जमा करने की अपील की है ताकि प्रवेश नवीनीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की जामिया इकाई ने गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश नवीनीकरण के लिए साक्षात्कार अनिवार्य किए जाने के प्रशासनिक फैसले का कड़ा विरोध किया है। संगठन ने इसे मनमाना और भेदभावपूर्ण बताया है। संगठन का आरोप है कि प्रशासन ने इस नई व्यवस्था को लागू करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है, जिससे निर्णय की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।