नई दिल्ली। हरि नगर में तेज रफ्तार कार को रुकने का इशारा करना यातायात पुलिसकर्मियों के लिए भारी पड़ गया। कार चालक ने पहले तो रफ्तार कम कर दी और फिर एक एएसआई को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश करने लगा। एक हवलदार और सिपाही चालक को काबू करने के लिए कार के बोनट पर चढ़ गए। सिपाही तो गिर गया, जबकि हवलदार बोनट पर लटककर चालक को कार रोकने के लिए कहने लगा। कार चालक सिपाही को एक किलोमीटर तक लेे गया, जहां पकड़ ढीली होने पर वह नीचे गिरकर घायल हो गया और कार चालक भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई और हवलदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस कार चालक के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार की है। राजौरी गार्डन यातायात सर्किल में तैनात एएसआई विश्राम मीणा, हवलदार विनोद और सिपाही आलोक हरि नगर से आने वाली सड़क पर यातायात चला रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने तेज रफ्तार एक कार को आते देखा। चालक को कार रोकने का इशारा किया। नजदीक आने पर चालक ने कार की रफ्तार को कम कर दिया, लेकिन जैसे ही पुलिसकर्मी कार के सामने आए, तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर एएसआई को टक्कर मार दी। भागते हुए चालक को देखकर हवलदार औैर सिपाही कार के बोनट पर चढ़ गए। सिपाही गिर गया, जबकि हवलदार वाइपर पकड़कर बोनट पर लटक गया और चालक से कार रोकने के लिए कहने लगा। चालक कार तेज रफ्तार से चलाकर हवलदार को करीब एक किलोमीटर तक ले गया। पकड़ ढीली होने पर हवलदार गिरकर घायल हो गया और कार चालक भाग निकला।