फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार

Thu, 04 Jul 2019 11:21 AM IST
नोएडा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
गिरफ्तार संपथ कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नई दिल्ली। पेट्रोल पंप व गैंस एजेंसी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी कर चुके एक हाईप्रोफाइल जालसाज को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को अभी उसके साथी की तलाश है। आरोपी संपथ कुमार सुराप्पागारी (29) ने हैदराबाद से बीएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स) कर रखा है और वर्तमान में करोलबाग, दिल्ली से दैनिक अखबार निकालता है।

विज्ञापन


अपराध शाखा डीसीपी डा. जी. रामगोपाल नायक के अनुसार, मई-2017 में महबूब नगर, तेलंगाना निवासी केके रामास्वामी ने हैदराबाद निवासी मालिपड्डी संदीप से कहा था कि उसका भतीजा संपथ कुमार वरिष्ठ नौकरशाह है और उसकी तैनाती दिल्ली में है। वह भारत पेट्रोलियम और भारत गैस का लाइसेंस एक दिलवा सकता है। दोनों लाइसेंस के एक करोड़ आठ लाख रुपये लगेंगे।

आरोपियों ने मालिपड्डी संदीप व उसके जानकारों को दिल्ली बुला लिया। ये लोग आठ जून 2017 को दिल्ली आए और संपथ कुमार ने इन्हें आईजीआई एयरपोर्ट के पास स्थित नोवोटेल होटल में ठहराया। यहां पर संपथ इनसे मिला। पीड़ित ने कहा कि वह गैस एजेंसी व पेट्रोल पंप का कानूनी तरीके से लाइसेंस चाहता है। इस पर संपथ ने एक करोड़ 40 लाख रुपये ले लिए।
विज्ञापन


आरोपियों ने पीड़ित को भरोसा दिया कि अगस्त 2017 तक दोनों लाइसेंस दिलवा देंगे। बाद में संपथ ने मालिपड्डी संदीप के ससुर से पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये ले लिए। नवंबर 2018 से आरोपियों ने मालिपड्डी संदीप की कॉल रिसीव करनी बंद कर दी। बाद में आरोपी ने पीड़ित को चेक दिए, जो बाउंस हो गए। पीड़ित को धमकी दी कि यदि पुलिस से शिकायत की तो वह उसके पीएसओ को भेजकर उसकी हत्या करा देगा। मालिपड्डी संदीप की शिकायत पर मामला दर्जकर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार की टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस को पता चला कि आरोपी हाल ही में हैदराबाद में आपराधिक मामले में गिरफ्तार हुआ था और उसको जमानत मिल गई थी। आरोपी दिल्ली पुलिस की तफ्तीश में शामिल नहीं हुआ। संपथ कुमार के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार की टीम ने एक सूचना के बाद आरोपी हैदराबाद, तेलंगाना निवासी संपथ कुमार महिपालपुर स्थित होटल से 2 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कई लोगों के साथ इसी तरीके से ठगी कर चुका है। इसके पिता सरकारी शिक्षक थे। वर्ष 2013 में ये सिविल सर्विसेज की तैयारी करने दिल्ली आ गया, जिसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद इसने करोल बाग से दैनिक अखबार निकालना शुरू किया। बाद में ये वरिष्ठ नौकरशाह बनकर लोगों के साथ ठगी करने लगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें