दिल्ली पुलिस अधिकारी द्वारा वकीलों को धमकाने का मामला
विज्ञापन
अदालत की वकीलों को सलाह-औपचारिक याचिका दाखिल करें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस अधिकारी मानस्वी वशिष्ठ द्वारा वकीलों को कथित रूप से धमकाने के मामले में स्वतः संज्ञान (सुओ मोटो) लेने से इन्कार कर दिया है। वशिष्ठ का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्हें वकीलों के खिलाफ टिप्पणी करते और काले कोट वाले गुंडों को गंभीर परिणामों की चेतावनी देते हुए देखा गया था।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की खंडपीठ ने वकीलों से औपचारिक याचिका दायर करने को कहा और आश्वासन दिया कि इस मामले पर विचार किया जाएगा। वकीलों के एक समूह ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के समक्ष यह मामला उठाया था। वकीलों ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ एके47 के इस्तेमाल और काले कोट के गुंडे जैसी टिप्पणियां की गई थीं। वकीलों ने पीठ से कहा कि आप कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हमारे मुखिया हैं। अगर आप स्वतः संज्ञान लेते हैं तो हमें आश्वासन मिलेगा।
अदालत ने वकीलों से कहा कि आप औपचारिक याचिका दायर करें। हम इसकी सूचीबद्धता का आदेश देंगे। इसकी एक प्रति स्थायी वकील (आपराधिक) संजय लाओ को दें। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि हम इस पर विचार करेंगे। आप प्रतिनिधित्व दें, लेकिन औपचारिक याचिका भी दायर करें।