फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजनीति शास्त्र, बीए प्रोग्राम, इतिहास और अंग्रेजी सब कोर्सेज पर भारी

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में पहली कटऑफ के दाखिले में राजनीति शास्त्र, बीए प्रोग्राम, इतिहास, साइकोलॉजी, गणित और अंग्रेजी जैसे कोर्सेज अन्य सभी कोर्सेज पर भारी पड़े हैं। कई कॉलेजों में इन कोर्सेज के लिए सीटों से काफी अधिक बंपर दाखिले हो गए हैं। कुछ कॉलेजों में तीसरी-चौथी कटऑफ तक इन कोर्सेज में दाखिले की कोई गुंजाइश नहीं है। दूसरी कटऑफ में दाखिला रद्द कराने का दौर शुरू होगा, बावजूद इन कोर्सेज में दाखिले की गुंजाइश काफी कम है। कुछ कॉलेजों में तो कुल सीटों के आधे दाखिले पहली कटऑफ में ही हो गए हैं।
विज्ञापन

डीयू में पहली कटऑफ के आधार पर बुधवार को दाखिले का अंतिम दिन था। सिविल सर्विसेज की परीक्षा में ह्यूमैनिटीज विषयों का चयन करने के कारण ज्यादातर कॉलेजों में राजनीति शास्त्र, बीए प्रोग्राम (ईको व कॉमर्स), बीए प्रोग्राम (इतिहास व राजनीति शास्त्र), साइकोलॉजी, इतिहास, अंग्रेजी, गणित में सर्वाधिक दाखिले हो गए हैं। दाखिले से जुड़े जानकार बताते हैं कि बीए प्रोग्राम की कटऑफ 10-10 फीसदी तक बढ़ने के बावजूद बीए प्रोग्राम के कॉम्बिनेशन में दाखिले हो रहे हैं। इसका एक कारण सिविल सर्विसेज की परीक्षा भी है। बीकॉम की कटऑफ 95 फीसदी से ऊपर चली गई, इस कारण से पहली कटऑफ में बीए प्रोग्राम की सीटें भर गई हैं। यदि बीकॉम की कटऑफ कॉलेजों ने नीचे की, तो बीए प्रोग्राम की सीटें शायद खाली हों।
रामजस कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज खन्ना ने बताया कि उनके यहां बुधवार शाम तक 450 दाखिले मंजूर हो गए और अभी बृहस्पतिवार दोपहर तक कॉलेज दाखिले मंजूर कर सकते हैं। इस कारण से यह संख्या और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि पॉलिटिकल साइंस व बीए प्रोग्राम में पहली कटऑफ में ही सीटों से कहीं अधिक दाखिले हो गए हैं। इस कारण इन कोर्सेज में सामान्य श्रेणी के लिए दूसरी कट ऑफ नहीं आएगी।
विज्ञापन

रामानुजन कॉलेज में आधी सीटें भर गईं, गणित में तीन गुना
रामानुजन कॉलेज में कुल 1100 सीटों पर पहली कटऑफ में ही 600 दाखिले हो गए हैं। इस तरह से कॉलेज की आधी सीटें भर गई हैं। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एसपी अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज में सामान्य श्रेणी के लिए बीएससी गणित ऑनर्स में सीटों से तीन गुना दाखिले हो गए, जबकि बीए प्रोग्राम (ईको व कॉमर्स), बीए प्रोग्राम (इतिहास व राजनीति शास्त्र) व बीए ऑनर्स अंग्रेजी की सीटें पहली कटऑफ में भर गईं।
अरबिंदो कॉलेज में सीटों से दोगुने दाखिले
कॉलेज प्रिंसिपल के डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि सामान्य के लिए दूसरी कटऑफ सिर्फ साइंस कोर्सेज की ही आएगी। कॉलेज में बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीए ऑनर्स, राजनीति शास्त्र में सीटों से दोगुने दाखिले हो गए।
दाखिला रद्द होने के बाद भी कुछ कोर्सेज में दूसरी कटऑफ नहीं
दिल्ली विश्वविद्यालय में कुछ कोर्सेज में सामान्य श्रेणी के लिए दूसरी कटऑफ नहीं आएगी। कॉलेज मानकर चल रहे हैं कि दाखिला रद्द होने पर भी अन्य कटऑफ में दाखिले की गुंजाइश नहीं हैं, क्योंकि कॉलेजों में दोगुने-तिगने दाखिले हो गए हैं तो यदि छात्र दाखिला रद्द भी कराएंगे तो भी सीटें खाली नहीं होगी। कॉलेज कह रहे हैं कि छात्र हाई कटऑफ पर दाखिला ले रहे हैं। उम्मीद नहीं कि छात्र अगली कटऑफ में दाखिला रद्द कराएं। वहीं इस बार ऑफ कैंपस और नॉर्थ कैंपस की कटऑफ में 2 से 2.5 फीसदी का ही फर्क है।
कॉलेज दूसरी कटऑफ में 0.25 से 2 फीसदी तक की कमी करेंगे
दूसरी कट ऑफ में अधिकतर कॉलेज कोर्सेज के अनुसार 0.25 से लेकर दो फीसदी तक की गिरावट करेंगे। यह कोर्सेज व श्रेणी पर निर्भर करेगा। कई कॉलेजों में सामान्य श्रेणी के लिए कुछ कोर्सेज में हाउसफुल का बोर्ड लग गया है। अब जिन कोर्सेज की कटऑफ आएगी, उनमें कॉलेज दाखिले की स्थिति को देखकर कमी करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें