बिंदापुर थाना पुलिस ने घोषित बदमाश को साथी के साथ पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके में नशे की लत को पूरा करने के लिए स्पोर्ट्स बाइक की चोरी कर झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले घोषित बदमाश को पुलिस ने साथी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान आकाश और अनिकेत के रूप में हुई है।
इनके कब्जे से पुलिस ने एक चोरी की स्पोर्ट्स बाइक, तीन स्कूटी और आठ मोबाइल बरामद किए हैं। जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 7 दिसंबर को बिंदापुर थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास स्कूटी सवार दो युवकों को आते देखा। रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। जांच करने पर पता चला कि स्कूटी बिंदापुर इलाके से चुराई गई है। तलाशी लेने पर उनके पास से छह चोरी के मोबाइल सहित आठ फोन मिले। जांच में पता चला कि उत्तम नगर निवासी आकाश बिंदापुर थाने का घोषित बदमाश है और उस पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं डाबड़ी निवासी अनिकेत पर दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर उत्तम नगर से दो स्कूटी और मोहन गार्डन से बाइक बरामद कर ली।