मॉडल टाउन इलाके की घटना, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार जब्त की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मॉडल टाउन इलाके में एक चालक ने कार बैक करते समय ब्रेक की जगह एस्केलेटर दबा दिया, जिससे कुछ दूरी पर कुर्सी पर बैठा दिव्यांग सुरक्षाकर्मी कार की चपेट में आकर दब गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी चालक ने हादसे के बाद भागने के लिए कार को आगे-पीछे करने की कोशिश की, जिससे सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई।
मृतक की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके से कार जब्त कर ली है। कार तिलक नगर निवासी नरेंद्र सिंह की है। पुलिस कार चालक की पहचान करने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, जसपाल सिंह संगम पार्क के राणा प्रताप बाग में पत्नी, मां, एक बेटी और एक बेटा के साथ रहते थे। एक हाथ व एक पैर लकवाग्रस्त था। जसपाल परिवार के गुजर बसर के लिए 13 वर्ष से मॉडल टाउन स्थित गुरु नानकदेव प्याऊ गुुरुद्वारा के पास गुरु तेगबहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में सुरक्षाकर्मी थे। मॉडल टाउन थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात करीब 2:30 बजे पुलिस को हादसे की जानकारी मिली। सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अकेला कमाने वाला था जसपाल
जानकारी के मुताबिक, जसपाल के परिवार में पत्नी रमनदीप कौर मानसिक रूप से बीमार हैं, 14 वर्षीय बेटी भी मानसिक रूप से कमजोर है। इसके अलावा सात वर्षीय बेटा और 72 वर्षीय जसपाल की मां स्वर्णा कौर हैं। जसपाल की कमाई से ही परिवार चलता था। जसपाल की मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। जसपाल के बड़े भाई निर्मल सिंह ने बताया कि 14 वर्ष पहले पिता का देहांत हुआ था। मूलरूप से पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले थे।