नई दिल्ली। फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को अश्लील मेसेज और वीडियो भेजने वाले जिम ट्रेनर को दक्षिण पश्चिम जिले की साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी प्रोफाइल से सौ से ज्यादा लड़कियों को अश्लील मेसेज और वीडियो भेज चुका है। पुलिस आरोपी दशरथपुरी निवासी विकास कुमार से पूछताछ कर जांच में जुटी है। 12वीं पास विकास द्वारका के एक जिम में ट्रेनर है।
जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि सागरपुर थाने में एक महिला ने शिकायत दी थी कि शीतल ठाकुर नाम के फेसबुक प्रोफाइल से उन्हें अश्लील मेसेज और वीडियो भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर उस मोबाइल नंबर का पता लगाया, जिस पर फेसबुक एकाउंट चलाया जा रहा था। यह नंबर किसी रियाजुद्दीन के नाम पर था। पुलिस को उसके मोबाइल की लोकेशन पीड़िता के घर के पास ही मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विकास ने बताया कि उसने शीतल ठाकुर, पूजा कुमारी व शिवानी गुप्ता के नाम से तीन फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई हुई हैं। इसमें करीब दो हजार लोग जुड़े हैं। वह अब तक सौ से ज्यादा लड़कियों व महिलाओं को मेसेज व अश्लील वीडियो भेज चुका है। वह करीब छह महीने से ऐसा कर रहा है।