नई दिल्ली। कोरोना के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं-बारहवीं की रद्द हो चुकी परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन स्कीम तो जारी हो चुकी है, लेकिन बीते साल फेल हुए या कंपार्टमेंट लाने वाले छात्रों के लिए कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। इस पर स्पष्टता नहीं होने के कारण अभिभावकों व छात्रों में इसे लेकर काफी चिंता है।
सीबीएसई का कहना है कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए बोर्ड काम कर रहा है। इनके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी कर दी जाएंगी। प्रयास है कि बारहवीं का रिजल्ट जारी होने से पहले गाइडलाइंस जारी कर दिया जाए।
दरअसल जो छात्र बीते साल फेल हो गए या कंपार्टमेंट आई उनका रिजल्ट कैसे तैयार होगा इसे लेकर छात्रों में तनाव है। उनके लिए कैसे परीक्षा का आयोजन होगा और उनका रिजल्ट कैसे जारी होगा, यह सवाल उठ रहा है। सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि इन विद्यार्थियों के लिए हम गाइडलाइंस बनाने का कार्य कर रहे हैं। जल्द ही इन्हें जारी कर दिया जाएगा। कोशिश है कि बारहवीं के रिजल्ट से पहले गाइडलाइंस जारी कर दी जाएं।
इनके लिए परीक्षा के आयोजन करने पर उन्होंने कहा कि सीबीएसई ऐसे विद्यार्थियों के लिए कोरोना की स्थिति को देखते हुए 15 अगस्त से 15 सितंबर तक परीक्षाओं का आयोजन करेगा। बोर्ड की ओर से यह पहले भी बताया जा चुका है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों को तनाव में नहीं आना चाहिए।
30 जून रात तक दसवीं के अंक अपलोड करने हैं
दसवीं के रिजल्ट जारी करने पर उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रीय ऑफिस को कहा गया है कि वह स्कूलों से 30 जून तक अंक अपलोड करने के लिए कहें। जिससे बोर्ड रिजल्ट तैयार कर सकें। स्कूलों के पास अंक अपलोड करने के लिए 30 जून रात तक का समय है। इसके बाद बोर्ड को भी रिजल्ट तैयार करने में 10-15 दिन का समय लगेगा। क्या अंक अपलोड करने की तिथि को बढ़ाया जाएगा। इस पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर स्कूलों का रुख देखकर ही कुछ कहा जा सकेगा।