अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मानसून की पहली तेज बारिश के बाद राजधानी में हुए व्यापक जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार के बड़े-बड़े दावे पहली ही बारिश में धराशायी हो गए और जलभराव ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली के बाहरी इलाकों से लेकर एनडीएमसी क्षेत्र तक जलभराव की गंभीर स्थिति देखने को मिली। उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस और जनपथ जैसे वीआईपी इलाकों में भी सड़कों और दुकानों में पानी भर गया, जबकि सरकार ने इन क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और विशेष इंतजाम करने का दावा किया था। उनके अनुसार, सरकार के 169 में से केवल 34 जलभराव हॉटस्पॉट शेष रहने का दावा भी गलत साबित हुआ।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने पंपों की सक्रिय निगरानी व प्रमुख सड़कों और अंडरपासों को जलभराव से मुक्त रखने का भरोसा दिया था, लेकिन आईटीओ, भारत मंडपम और नई दिल्ली सहित कई स्थानों पर भारी जलभराव और यातायात जाम ने इन दावों की पोल खोल दी।