नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार की सुबह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने सोने की तस्करी करने वाले एक यात्री को पकड़ा। उसके बैग से सोने के चार बिस्कुट मिले। जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपये है। यात्री रियाद से दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचने के बाद अहमदाबाद जा रहा था। सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे कस्टम विभाग के हवाले कर दिया। अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता अपूर्व पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के एक यात्री अहमदाबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पर आया। एक्सरे मशीन में बैग के अंदर बिस्कुट जैसी चीज दिखी। तलाशी लेने पर सोने के चार बिस्कुट मिले। यात्री की पहचान अब्दुल माजिद के रूप में हुई। वह रियाद से वाया दोहा होते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। जहां से अहमदाबाद जा रहा था। सीआईएसएफ ने बिस्कुट के बाबत कागजात दिखाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं दिखा सका।