दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव सोमवार शाम को जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए गाजीपुर बार्डर पहुंचे। पुलिस आयुक्त ने पुलिस कर्मियों के अलावा अर्द्धसैनिक बलों की जमकर तारीफ की। इस दौरान आयुक्त ने बॉर्डर पर किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा भी लिया। पुलिस आयुक्त के साथ स्पेशल सीपी राजेश खुराना, संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार और पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त दीपक यादव भी मौजूद रहे। आयुक्त वहां दिनरात वहां ड्यूटी कर रहे जवानों से बातचीत भी की।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक फरवरी को किसानों ने संसद भवन तक पैदल मार्च करने के लिए कहा था। हालांकि बाद में किसानों ने खुद ही उसे वापस भी ले लिया। लेकिन बावजूद इसके पुलिस ने किसानों को बॉर्डर पर ही रोकने के भरपूर इंतजाम किए थे। सोमवार शाम को पुलिस आयुक्त अचानक अधिकारियों के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस आयुक्त ने एनएच-9 स्थित डिवाइडर पर चढ़कर अपने जवानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने जवानों को दिशा निर्देश भी दिए। काफी समय वहां बिताने के बाद पुलिस आयुक्त वहां से वापस लौट गए।