पदयात्रा कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का दिया संदेश
नई दिल्ली। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर दक्षिण दिल्ली से लेकर चांदनी चौक तक हजारों नागरिकों ने एकजुट होकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में यूनिटी रन पदयात्रा संगम विहार से शुरू हुई। पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, महिला समूहों और युवाओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पौधरोपण भी किया गया।
दूसरी ओर, चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में सरदार 150 यूनिटी मार्च निकाला गया। कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन से आजादपुर चौक तक निकले गए इस मार्च में भाजपा के विधायक, जिलाध्यक्ष, सामाजिक संगठन, व्यापारी वर्ग और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। वंदे मातरम्, भारत माता की जय और सरदार पटेल अमर रहें के जयघोषों से दिल्ली की गलियां गूंज उठीं। खंडेलवाल ने स्वदेशी अपनाने और नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। ब्यूरो