दिल्ली के अलीपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर नीरज बवानिया के दूर के रिश्तेदार की हत्या के दो साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। हत्या गैंगवार में की गई थी। जेल में बंद गोगी गैंग के बदमाश के निर्देश पर शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल शूटरों की तलाश कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त बृजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिरंकी गांव निवासी निखिल और मुखमेलपुर गांव निवासी गौरव राणा के रूप में हुई है। 27 जनवरी की रात को पुलिस को हिरंकी गांव में एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली।
मृतक की शिनाख्त हिरंकी गांव निवासी प्रमोद बजद के रूप में हुई। जांच में पता चला कि प्रमोद गैंगस्टर नीरज बवानिया का दूर का रिश्तेदार था और उसपर भी आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रमोद को स्पेशल सेल ने अमित भूरा को पुलिस हिरासत से भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
अलीपुर थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस नीरज के विरोधी गोगी गैंग के सदस्यों की जानकारी हासिल करने में जुट गई। साथ ही पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।