बारिश के बीच मुस्कराए फ्रेशर्स, नए छात्रों से कैंपस हुआ गुलजार
-कॉलेजों ने कहा वेलकम फ्रेशर्स, तिलक और चॉकलेट से हुआ स्वागत
-तेज बारिश के बाद भी नहीं थमा छात्रों का जोश
-ओरिएंटेशन, दोस्त बनाने, सेल्फी लेने में बीता पहला दिन
-कॉलेजों की सख्ती का दिखा असर, रैगिंग की शिकायत नहीं
-कॉलेजों में ओरिएंटेशन के साथ ही कक्षाएं भी हुई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का आगाज उत्साह, उमंग और नए सपनों के साथ हो गया। पहले दिन देश के अलग-अलग हिस्सों से दाखिला पाए छात्रों ने स्कूल से निकल कर कॉलेज की जिंदगी में पहला कदम रखा। सुबह से हो रही तेज बारिश भी फ्रेशर्स के जोश को कम नहीं कर सकी। पहली बार कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं के चेहरों पर उत्साह, हल्की घबराहट और नई दोस्ती की चमक साफ दिखाई दी।
कॉलेजों से लेकर सीनियर तक ने नए विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। कहीं तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया तो कहीं चॉकलेट देकर स्वागत किया गया। पहले दिन बड़ी संख्या में अभिभावक भी छात्रों के साथ कैंपस पहुंचे। पहले दिन अधिकांश कॉलेजों में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों को कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागों, सोसायटियों, टाइम टेबल और कैंपस की जानकारी दी गई। वहीं कॉलेज का टूर भी कराया। इसके साथ ही कई कॉलेजों में नियमित कक्षाएं भी शुरू हो गईं।
फैशन का जलवा और सेल्फी लेने का क्रेज
पहले दिन डीयू कैंपस छात्र-छात्राएं आकर्षक और ट्रेंडी परिधानों में कॉलेज पहुंचे। लड़कियों में जींस, कुर्ती, क्रॉप टॉप, अन्य परिधान व ट्रेंडी स्टाइल में कुर्ता व जींस जैसे आउटफिट का क्रेज रहा। जबकि लड़कों ने भी स्टाइलिश शर्ट, टी-शर्ट और फुटवियर से अपनी अलग पहचान बनाई। कॉलेजों में फ्रैशर्स का पहला दिन दोस्त बनाने, सेल्फी लेने, कैंपस घूमने और यादगार तस्वीरें खींचने का नाम रहा।
रैगिंग रोकने के इंतजाम दिखे
कॉलेजों ने भी रैगिंग रोकने के लिए पहले से ही सख्त इंतजाम किए थे। इसका असर भी देखने को मिला और पहले दिन रैगिंग की कोई शिकायत सामने नहीं आई। सीनियर छात्रों ने नए विद्यार्थियों का दोस्ताना अंदाज में परिचय लेकर उनकी झिझक दूर की।
पहला दिन छात्रों की जुबानी
मेरा पहले राउंड में ही पहली वरीयता के आधार पर मिरांडा कॉलेज में दाखिला हो गया। यह किसी सपने से कम नहीं। रमनीत (लुधियाना)
स्कूल से निकलकर कॉलेज का यह नया सफर बिल्कुल अलग अनुभव है। मैं अपने इस नए सफर के लिए तैयार हूं। अमृता (लुधियाना)
कॉलेज का माहौल स्कूल से बिल्कुल अलग है। शुरुआत में थोड़ी घबराहट थी लेकिन कॉलेज आकर दूर हो गई। अंशिका(दिल्ली)
एसआरसीसी में दाखिला पाकर बहुत खुश हूं। कैंपस में पहला दिन यादगार रहा है। कॉलेज की जैसी दुनिया सोची थी उससे काफी अलग है सब। सौंदर्या
कैंपस में छात्र संगठन सक्रिय
नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन दिल्ली विश्वविद्यालय का माहौल छात्रसंघ चुनाव की हलचल से भी सराबोर नजर आया। संगठनों ने अलग-अलग तरीके से छात्रों को लुभाने का प्रयास किया। हालांकि डूसू चुनाव को लेकर इस बार होने वाली सख्ती का असर पहले ही दिखाई दिया। हर साल गाड़ियों का काफिला दिखाई नहीं दिया। ना ही टिकट की दावेदारी जताने के लिए उनके नाम वाले पैम्पलेट हवा में उड़ते दिखाई दिए।
कॉलेजों में हुए ओरिएंटेशन कार्यक्रम
शैक्षणिक सत्र के पहले दिन कॉलेजों में ओरिएंटेशन हुए। जहां नए छात्रों का स्वागत किया गया। मिरांडा हाउस कॉलेज में प्रिंसिपल प्रो. डॉ. बिजयालक्ष्मी नंदा ने छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और छात्र संगठनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। मंगलवार तक कॉलेज में 1385 छात्राएं दाखिला ले चुकी थी। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में मिरांडा हाउस की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। अरबिंदो कॉलेज में प्रिंसिपल प्रो. अरुण चौधरी ने नए छात्रों के स्वागत में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यहां सीनियर ने नए छात्रों का स्वागत चंदन का तिलक लगाकर किया।