दिल्ली के मुंडका इलाके में रोडरेज के बहाने कारोबारी को अगवा कर उसके परिवार वालों से दो करोड़ की फिरौती मांगने की साजिश रचने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य साजिशकर्ता दो साल पहले कारोबारी की पत्नी का गाड़ी चला रहा था और उसे कारोबारी के बारे में सारी जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, तीन कारतूस, एक खिलौना वाला पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल होंडा सिविक कार बरामद की है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव दबोदाकलां, बहादुरगढ हरियाणा निवासी सुमित दलाल(28), चिकारा कालोनी बहादुरगढ निवासी विजय(27), विकासनगर लाइनपार, बहादुरगढ निवासी अमित(25) और शक्ति नगर बहादुरगढ निवासी सुमित दहिया(21) के रूप में हुई है।
23 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि मुंडका इलाके में होंडा सिविक कार सवार बदमाशों ने एक कारोबारी से लूटपाट कर पीरागढ़ी की तरफ भागे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां पुलिस को कारोबारी पंजाबी बाग निवासी अमित चौधरी मिला।
जिसने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने अपनी कार से उसकी फॉर्च्यूनर कार को पीछे से टक्कर मारी और रोडरेज के बहाने गोली मारने की धमकी देकर उसे जबरदस्ती कार में बिठाने लगे। उसके शोर मचाने पर बदमाश मोबाइल और कार की चाबी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों के भागने के दिशा में उनका पीछा किया। कुछ दूर पर पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की कार देख ली।