फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तंबाकू न देने पर चार भाइयों पर चाकू से हमला: एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, 15 अगस्त की रात हुई थी वारदात

Sat, 22 Aug 2026 07:33 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में तंबाकू देने से इंकार करने पर दो युवकों ने चार मौसेरे-चचेरे भाइयों को चाकू मार दिया। हमले के दौरान दो युवक बुरी तरह जख्मी हो गए। इलाज के दौरान एक युवक ने शुक्रवार देर रात को दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में तंबाकू देने से इंकार करने पर दो युवकों ने चार मौसेरे-चचेरे भाइयों को चाकू मार दिया। हमले के दौरान दो युवक बुरी तरह जख्मी हो गए। इलाज के दौरान एक युवक ने शुक्रवार देर रात को दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त अभिषेक (22) के रूप में हुई है। अस्पताल में मौसेरे भाई विशाल (19) का उपचार जारी है। वहीं चाकू लगने से जख्मी दूसरे भाइयों विनोद (38) और सचिन (20) को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। अभिषेक की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़कर पुलिस ने मामले में एक आरोपी अरशद उर्फ चिकना (23) को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथी अमजद की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन


उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मूलरूप से आजमगढ़, यूपी का रहने वाला अभिषेक अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी, नंद नगरी में रहता था। इसके परिवार में पिता रामधारी, मां गुड्डी देवी, छोटा भाई सचिन व एक अन्य छोटा भाई हैं। अभिषेक के परिवार के साथ उसके ताऊ का परिवार भी रहता है। विनोद अभिषेक के ताऊ का बेटा है। अभिषेक का मौसेरा भाई विशाल इनके घर के पास ही अलग किराए का कमरा लेकर रहता है। सचिन, अभिषेक और विशाल नंद नगरी के कांचिपुरा में अमेजन में नौकरी करता है। 15 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे सचिन और विशाल अपनी ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले। इस बीच शिव शक्ति मंदिर के पास सड़क पर बैठे दो युवकों ने सचिन से तंबाकू मांगा।

तंबाकू न होने की बात कर उसने दोनों युवकों से मना कर दिया। सचिन उस समय अपने भाई अभिषेक से बात कर रहा था। तंबाकू देने से मना करने पर दोनों लड़के भड़क गए। एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और वह सचिन और विशाल के पीछे भागा। सचिन ने फोन पर ही अभिषेक को इसकी जानकारी दे दी। अभिषेक अपने ताऊ के बेटे विनोद के साथ मौके ही ओर भागा। एफ-2 के सर्वोदय बाल विद्यालय के पास आरोपियों ने सचिन और विशाल को रोक लिया। इस पर आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। तभी वहां पर अभिषेक और विनोद भी पहुंचे। आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। विशाल और अभिषेक के पेट में चाकू लगा। आरोपी फरार हो गए। चारों घायलों को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन


इलाज के दौरान अभिषेक की शुक्रवार रात मौत हो गई। विशाल का अभी भी इलाज जारी है। विनोद व सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें