140 फुट लंबे व 45 फुट ऊंचे तीन मंजिला मंच को सवा लाख से अधिक एलईडी लाइटों से सजाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। लालकिला मैदान में रामलीला मंचन के लिए इस बार ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर का मंच तैयार किया गया है, जिस पर लव-कुश रामलीला समिति की ओर से प्रभु श्रीराम की दिव्य लीला का मंचन किया जाएगा। समिति के प्रधान अर्जुन कुमार ने बताया, कि गुजरात, काशी, राजस्थान और मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पिछले एक महीने से इस अद्वितीय मंच को सजाने में जुटी हुई है। करीब 140 फुट लंबे और 45 फुट ऊंचे तीन मंजिला मंच को सवा लाख से अधिक एलईडी लाइटों से सजाया गया है।
गुजरात से आए कलाकारों ने सोमनाथ मंदिर की नक्काशीदार कला, सोने से सजे गुंबद और रंगीन रोशनियों के माध्यम से अद्भुत वातावरण रचा है। इसमें लगी आधुनिक 3डी इफेक्ट्स और एआई तकनीक का प्रयोग दर्शकों को सोमनाथ मंदिर में बैठकर प्रभु श्रीराम की लीला देखने का अनुभव कराएगा। तीन मंजिला मंच की हर मंजिल पर अलग-अलग भव्य दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। शीर्ष मंजिल से आकाशीय झांकियां दिखाई जाएंगी, जहां देवगण पुष्पवर्षा करते हुए भी नजर आएंगे। मंदिर परिसर के चारों ओर लगी सैकड़ों जय श्रीराम पताकाएं पूरे वातावरण को और भी दिव्य बनाएंगी। अर्जुन कुमार ने बताया, कमेटी पहले भी अयोध्या के श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर जैसे भव्य सेटों पर रामलीला का आयोजन कर चुकी हैं। लेकिन यह पहली बार है जब सोमनाथ मंदिर का विराट मंच दर्शकों को दिखाई देगा। इस बार रामलीला का मंचन 22 सितंबर से 3 अक्तूबर तक किया जाएगा, इसमें 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का पारंपरिक दहन होगा, जो हजारों श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा।