नई दिल्ली। एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने जयपुर की पांच साल की बच्ची जेहरा का जटिल बोन मैरो ट्रांसप्लांट करके थैलेसीमिया मेजर से पूरी तरह ठीक कर दिया है। अब उसे बार-बार खून चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जेहरा का बचपन अस्पतालों और बार-बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन में गुजर रहा था। वह कमजोर रहती थी और पूरा परिवार चिंता में रहता था। परिवार में कोई पूरा मैच करने वाला डोनर नहीं मिला, इसलिए डॉक्टरों ने 50 प्रतिशत मैच (हैप्लोआइडेंटिकल या हाफ-मैच) वाले ट्रांसप्लांट का फैसला लिया। यह तरीका थोड़ा जोखिम भरा होता है लेकिन सही तैयारी और देखभाल से सफल हो सकता है। ऑपरेशन के 28 दिन बाद जेहरा को घर भेज दिया गया। फिलहाल वह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रही है। अस्पताल के पीडियाट्रिक हेमैटो-ऑन्कोलॉजी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट विभाग के डायरेक्टर डॉ. सत्येंद्र कटेवा ने बताया कि आमतौर पर डॉक्टर पूरा मैच करने वाला डोनर ढूंढते हैं, जो ज्यादातर भाई-बहन में मिलता है लेकिन जब पूरा मैच न मिले तो माता-पिता या भाई-बहन में से 50 प्रतिशत मैच वाले डोनर से ट्रांसप्लांट किया जा सकता है। ब्यूरो