दुकान में रखे ड्रम में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार
पिस्टल, एक कारतूस और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी इलाके में झगड़े का बदला लेने के लिए चिकन की दुकान पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुंदर नगरी निवासी दानिश उर्फ जुनैद और मोहम्मद फैजान उर्फ सुच्चा के रूप में हुई है। नंद नगरी थाना पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, एक कारतूस और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 22 नवंबर की रात करीब 10:26 बजे सुंदर नगरी के ओ-ब्लॉक स्थित कबूतर चौक के पास अल हुरैन चिकन प्वाइंट में गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दुकान के अंदर रखे नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में गोली का हिस्सा मिला। वहीं, मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ। जांच में पता चला कि कबाड़ का काम करने वाला मोहम्मद मोहसिन अपने जीजा साहिल के साथ चाय पीकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे दो युवक पिस्टल लेकर अपनी ओर आते दिखाई दिए। जान बचाने के लिए वह भागकर चिकन की दुकान में घुस गया। इस दौरान एक आरोपी ने उस पर गोली चला दी। हालांकि, गोली उसे नहीं लगी और दुकान में रखे ड्रम में जा लगी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
मोहसिन ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर को उसके छोटे भाई हुसैन का दानिश के भतीजे अनस से वीडियो गेम खेलने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर दानिश मोहसिन से रंजिश रखने लगा था। बदला लेने और उसे डराने के लिए दानिश ने अपने साथी फैजान के साथ मिलकर फायरिंग की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाईं। छानबीन के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दानिश पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि फैजान भी पहले एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है।