जनकपुरी के पांच सितारा होटल में लगी आग
नई दिल्ली। जनकपुरी के पांच सितारा होटल पिकेडली में सोमवार सुबह आग लग गई। आग होटल की दूसरी मंजिल स्थित लांड्री की मशीनों में लगी थी। हादसे की वजह से दूसरी मंजिल पर धुआं भर गया। एहतियात के तौर पर होटल की दूसरी मंजिल पर ठहरे अतिथियों को दूसरी सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों को भेजा गया। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जता रही है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 6:34 बजे दमकल विभाग और पुलिस को सूचना मिली कि होटल पिकेडली में आग लग गई है। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की 6 गाड़ियों ने अफरातफरी के बीच करीब 7:10 बजे आग पर काबू पा लिया। जांच के दौरान दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना था कि आग लांड्री की मशीनों में शार्ट सर्किट की वजह से लगी थी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।