स्थानीय लोगों ने रॉकेट से आग लगने की जताई आशंका, जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। मधु विहार थाना क्षेत्र स्थित आईपी एक्सटेंशन के सरस्वती अपार्टमेंट में रविवार देर रात आग लग गई। स्टिल्ट पार्किंग और ग्राउंड फ्लोर समेत सात मंजिला इमारत की छठी मंजिल पर रखे घरेलू सामान में अचानक आग भड़क उठी। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12:55 बजे अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुरुआत में भेजी गई दो गाड़ियों के अलावा तुरंत 6 और गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। कुल आठ दमकल गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद देर रात 3 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें इमारत की ऊपरी मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठती दिख रही हैं। मौके पर कैट्स एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां भी मौजूद नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो में स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि जलता हुआ रॉकेट घर के अंदर घुसने के कारण आग लगी। हालांकि, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही असल वजह साफ हो पाएगी।
शाहदरा और करावल नगर में भी लगी आग
दिवाली की देर रात शाहदरा और करावल नगर में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। गनीमत रही कि दोनों हादसों में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लाखों का सामान जल गया। शाहदरा मेन मार्केट में साड़ी और कॉस्मेटिक की दुकान में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके ठीक चार मिनट बाद करावल नगर के प्रकाश विहार स्थित एक फैक्टरी में आग लगी। वहां दमकल की 10 गाड़ियों ने आग को बुझाया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।