अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के आसफ अली रोड स्थित हमदर्द दवाखाने की बिल्डिंग में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। इमारत में मौजूद लोग किसी तरह जान बचाकर सुरक्षित निकल गए। सूचना मिलते पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। बाद में किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग पहली मंजिल पर दवा पैकिंग यूनिट में लगी थी। फिलहाल आग की वजहों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि शार्ट सकिट की वजह से आग लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस व दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही लोगों ने इमारत खाली कर दी थी।
इमारत बेसमेंट के अलावा चार मंजिल बनी हुई है। आग पहली मंजिल पर ही लगी। उसको आगे बढ़ने से रोक लिया गया। बाद में पांच गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। देर शाम तक पुलिस व दमकल विभाग की टीम कूलिंग के अलावा सर्च का काम कर रही थी। पुलिस आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।