आदर्श नगर स्थित मजलिस पार्क में हुआ हादसा, क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर स्थित मजलिस पार्क में रविवार सुबह चार मंजिला इमारत में आग लग गई। आग ने पहली और दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि हादसे के बाद वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित निकल गए।
पुलिस के अलावा दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने का काम चल ही रहा था कि अचानक ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में रखा एलपीजी सिलिंडर फट गया। बचाव कार्य में जुटे पुलिस व दमकल कर्मियों के छह जवानों के अलावा आठ अन्य लोग झुलस गए। धमाके के बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से झुलसे हुए लोगों को नजदीकी मैक्स और बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा गया। बाद में सभी को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। हताहतों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने के बाद क्राइम व एफएसएल की टीम भी पहुंची। बताया जा रहा है कि ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग से आग लगी। इसकी चपेट में आकर शीशों के बॉक्स और स्कूटी जल गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9.01 बजे पुलिस और दमकल विभाग को सूचना मिली कि मजलिस पार्क, गली नंबर-6 की एक इमारत में आग लगी है। यहां सी-45, 111 गज के चार मंजिला मकान में रमेश गोयल, दीपक गोयल और रवि गोयल रहते हैं।
अचानक निकले आग के गोले की चपेट में आदर्श नगर थाने के एएसआई संदीप, सिपाही राहुल, पीसीआर में तैनात एएसआई प्रेमपाल, दमकल कर्मी वेद प्रकाश, सुरेश बहल, सीताराम मीणा आ गए। वहीं विशाल, दीपक गोयल, शेर सिंह, राजेश और जगदीप सिंह, राहुल, पंकज अग्रवाल और पूरनचंद झुलस गए। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि पार्किंग में रखे पानी के मोटर से चिंगारी निकली और उसकी वजह से आग लगी। पुलिस आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।