आईटीओ स्थित डॉल म्यूजियम में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। म्यूजियम में धुंआ उठते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मामले की खबर पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग से म्यूजियम के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच के बाद आईपी इस्टेट थाना पुलिस का कहना है कि पहली मंजिल पर बने एसी प्लांट की डक्ट में आग लगी। पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर 2.40 बजे सूचना मिली कि डॉल म्यूजियम की पहली मंजिल में आग लग गई है। खबर मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया। अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब 55 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों के मुताबिक आग एसी प्लांट की डक्ट में लगी थी। उसकी वजह से पूरी इमारत में धुआं भर गया। आग पर काबू पाने के बाद वहां कूलिंग का काम जारी था। आग से म्यूजियम को क्या क्षति पहुंची है, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया था। पुलिस म्यूजियम के अधिकारियों से बातचीत कर इसका पता लगाने का प्रयास कर रही थी।
वहीं राजधानी में पारा चढ़ने के साथ ही आग लगने की घटनाओं में तेजी से वृद्धि होने लगती है। किसी भी आपात स्थिति में कैसे अपनी और दूसरों की जान बचाकर जान माल के नुकसान को कैसे कम किया जा सकता है, हमेशा ही दिल्ली फायर सर्विस इस प्रयास में रहता है। इसी कड़ी में दमकल विभाग अस्पताल और नर्सिंग होम स्टाफ को ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रहा है।