चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दल्लूपुरा स्थित प्लाईवुड, पीवीसी पैनल और केमिकल के जले हुए गोदाम में बुधवार तड़के एक बार फिर आग लग गई। तड़के लोगों ने तब गोदाम से आग की लपटें उठती हुई देखीं, तो फौरन पुलिस के अलावा दमकल विभाग को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
बाद में आग पर काबू पाने का काम शुरू हुआ। दरअसल प्लाईवुड और पीवीसी पैनल के आधे जले हुए सामान ने बुधवार तड़के आग पकड़ ली। बाद में एक और गाड़ी को मौके पर बुलाया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस दोबारा से आग लगने की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दमकल विभाग के डीओ राजेंद्र अटवाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5.56 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि दल्लूपुरा के जले हुए गोदाम में दोबारा आग लग गई है। खबर मिलते ही फौरन दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बाद में बचाव का काम शुरू हुआ। अच्छी बात यह रही कि आग लगने के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
बाद में किसी तरह 10.05 बजे आग को बुझा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर इसी गोदाम में आग लगी थी, जिस पर देर रात काबू पाया गया था। आग को पूरी तरह बुझाने में 28 घंटे लग गए थे। मंगलवार ठीक-ठाक गर्मी थी। वहीं रात भी गर्म थी। ऐसे में शायद गर्मी की वजह से गोदाम में दोबारा आग लग गई।