राजधानी दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना के मामले बेकाबू हो रहे हैं, जिसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। दूसरी तरफ कुछ रेस्तरां और पब वालों की लापवाही सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला कनॉट प्लेस स्थित एक बार का सामने आया है।
एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कोविड-19 दिशा-निर्देशों के उल्लंघन करने पर कनॉट प्लेस स्थित एक लोकप्रिय बार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि हेड कांस्टेबल चार अप्रैल को कनॉट प्लेस के ड्यूटी पर आंतरिक घेरे में गश्त पर थे। जब वे रात 10 बजे के आसपास 'माय बार' में प्रवेश किए तो उन्होंने देखा कि बार के अंदर बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद थे।
जिसमें से अधिकांश ग्राहक बिना मास्क के थे और सामाजिक दूरी को नहीं बनाए रखे थे। ग्राहक एक दूसरे के काफी करीब बैठे थे और कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन कर रहे थे। नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त ईश सिंघल ने कहा कि कनॉट प्लेस स्थित बार के मालिक के खिलाफ आईपीसी की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
कोरोना महामारी की चौथी लहर का सामना कर रही दिल्ली की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। 13 महीने में दूसरी बार एक दिन में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले एक दिन में साढ़े आठ हजार से भी ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 8593 केस 11 नवंबर 2020 को मिले थे। जाहिर है कि दिल्ली कोरोना महामारी के तीसरे पीक के काफी नजदीक पहुंच चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले एक दिन में 8521 नए केस मिले हैं, जबकि 39 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। राहत की बात यह है कि 5032 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। विभाग ने बताया कि दिल्ली में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 1.09 लाख से भी ज्यादा नमूनों की जांच हुई है। इनमें से 70 हजार जांच आरटी-पीसीआर से हुई।