दिल्ली में 50 फीसदी लोगों में कोरोना संक्रमण के बारे में पता चला है। यह लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए और फिर ठीक होने के बाद इनके शरीर में एंटीबॉडी भी विकसित हुई हैं।रविवार को राजधानी में पांचवें सीरो सर्वे में यह परिणाम सामने आया है।
हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी गई है लेकिन जानकारी है कि पांचवें सीरो सर्वे के तहत दिल्ली के 11 जिलों में 28 हजार लोगों के सैंपल लिए गए थे जिनमें से करीब 50 फीसदी यानि 14 हजार लोगों में कोरोना संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी पाई गई हैं।
एक जिले में यह परिणाम 60 फीसदी तक मिला है। हालांकि यह जिला कौन सा है? इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। दिल्ली स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. नूतन मुंडेजा का कहना है कि पांचवें सीरो सर्वे परिणाम को लेकर उनके पास जानकारी नहीं है लेकिन सूत्रों के आधार पर सामने आई जानकारी के मुताबिक दिल्ली में पहली बार सीरो सर्वे के दौरान 50 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इससे पहले हुए चार सर्वे में 20 से 30 फीसदी के बीच हर बार सैंपल संक्रमित पाए गए थे। सीरो सर्वे के परिणामों के आधार पर ही दिल्ली में कोरोना संक्रमण के प्रसार की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।