कोरोना वायरस की चार-चार लहर का सामना करने वाली दिल्ली में एक हजार की आबादी पर एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो चुकी है। करीब दो करोड़ की आबादी वाली राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 20 हजार से अधिक लोग संक्रमण के कारण जान दे चुके हैं। जबकि गैर सरकारी आंकड़ा इससे भी कहीं अधिक बताया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 12481 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं, जबकि 347 मरीजों की मौत हुई है। लंबे समय बाद दिल्ली में नए संक्रमितों से अधिक मरीजों को डिस्चार्ज किया है। बीते एक दिन में 13583 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया है। इसी के साथ ही कुल संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 13,48,699 हो चुकी है, हालंाकि इनमें से 12,44,880 अब तक रिकवर हो चुके हैं। वहीं 20010 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है। फिलहाल दिल्ली में 83809 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 51480 मरीज घरों में उपचाराधीन हैं।
दिल्ली की आबादी से तुलना करते हुए कोरोना संक्रमण की स्थिति देखी जाए तो एक हजार लोगों में से करीब 70 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं और उनमें से करीब 63 लोग ठीक भी हो चुके हैं। वहीं एक हजार की आबादी पर करीब पांच से छह लोग वर्तमान में उपचाराधीन हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा दिल्ली में अब तक हुए छह सीरो सर्वे के परिणाम से एकदम अलग है। सीरो सर्वे को ही देखें तो दिल्ली में कुल आबादी का 50 से 60 फीसदी हिस्सा कोरोना संक्रमित होने के बाद ठीक भी हो चुका है। हालांकि चौथी लहर में लाखों लोगों के संक्रमित होने के बाद सीरो सर्वे के परिणाम पर सवाल भी उठ रहे हैं।
दिल्ली की 55 हजार गलियां अब भी सील
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक या उससे अधिक संक्रमित रोगी मिलने के बाद दिल्ली में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। स्थिति यह है कि वर्तमान में 55 हजार से अधिक गलियां ऐसी हैं जो अब भी सील हैं। कुल कंटेनमेंट जोन 55661 है, जहां एहतियात के चलते लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
एक दिन में 1.40 लाख को लगी वैक्सीन
एक तरफ दिल्ली में वैक्सीन की कमी को लेकर सरकार बार बार केंद्र से अपील कर रही है। वहीं दूसरी ओर हर दिन टीकाकरण का आंकड़ा भी लाखों में दिखाई देने लगा है। पिछले एक दिन में 1.40 लाख लोगों ने वैक्सीन लिया है, जिनमें से 93746 ने पहली और 47217 ने दूसरी खुराक ली है। अब तक 40.18 लाख लोग वैक्सीन ले चुके हैं, जिनमें से 9.08 लाख लोग ही पूरी तरह से सुरक्षित हो पाए हैं क्योंकि इन्होंने वैक्सीन की दोनों खुराक लेकर कोर्स पूरा कर लिया है।