फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राकेश टिकैत ने मंच पर एक संदिग्ध को पकड़ा, मारा थप्पड़, बोले- ये भाजपा का आदमी है

Fri, 29 Jan 2021 02:58 AM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

26 जनवरी के दिन ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के बाद से पुलिस-प्रशासन किसान आंदोलनकारियों पर काफी सख्ती कर रही है। एक ओर जहां मेरठ के बड़ौत में 40 दिन से चल रहे प्रदर्शन को पुलिस ने बीती रात खत्म कराया, वहीं यूपी गेट पर आंदोलन स्थल की बिजली काट दी गई साथ ही भारी पुलिस फोर्स की तैनाती है। पढ़ें ऐसे ही और ताजा अपडेट्स...
विज्ञापन
पकड़े गए संदिग्ध को अपने साथ ले जाती पुलिस - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:57 AM, 29-Jan-2021

जवानों ने की वापसी

गाजीपुर बॉर्डर पर कल शाम से तैनात यूपी पुलिस और पीएसी के जवानों ने दर रात वापसी की। 

11:20 PM, 28-Jan-2021

नरेश टिकैत ने शुक्रवार सुबह 11 बजे मुजफ्फरनगर में महापंचायत करने की घोषणा की

 सिसौली में देर रात हुई किसानों की पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने शुक्रवार सुबह 11:00 बजे मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में महापंचायत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर पर किसी भी किसान के साथ यदि कोई घटना हुई तो इसके बाद हालात की जिम्मेदार केंद्र और राज्य सरकार होगी।

11:17 PM, 28-Jan-2021

मुजफ्फरनगर से गाजीपुर बॉर्डर पर जा सकते हैं किसान

मुजफ्फरनगर से किसान गाजीपुर बॉर्डर पर जा सकते हैं। इसकी आशंका को देखते हुए सिवाया टोल पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। 

विज्ञापन
10:52 PM, 28-Jan-2021

गाजियाबाद में रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती 4 फरवरी तक बढ़ाई गई

केंद्र ने किसानों के विरोध के मद्देनजर गाजियाबाद में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 4 कंपनियों की तैनाती की अवधि 4 फरवरी तक बढ़ा दी है। उनकी तैनाती 28 जनवरी तक थी।
 

10:15 PM, 28-Jan-2021

कांग्रेस किसानों के साथ इस संघर्ष में खड़ी रहेगीः प्रियंका गांधी

कल आधी रात में लाठी से किसान आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की। आज गाजीपुर, सिंघु बॉर्डर पर किसानों को धमकाया जा रहा है। यह लोकतंत्र के हर नियम के विपरीत है। कांग्रेस किसानों के साथ इस संघर्ष में खड़ी रहेगी। किसान देश का हित हैं। जो उन्हें तोड़ना चाहते हैं- वे देशद्रोही हैं। हिंसक तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जाए लेकिन जो किसान शांति से महीनो से संघर्ष कर रहे हैं, उनके साथ देश की जनता की पूरी शक्ति खड़ी है।
 

विज्ञापन
10:11 PM, 28-Jan-2021

मैं किसानों और उनके शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ हूंः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, 'एक साइड चुनने का समय है। मेरा फैसला साफ है। मैं लोकतंत्र के साथ हूं, मैं किसानों और उनके शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ हूं।
 

09:44 PM, 28-Jan-2021

सरकार किसानों पर अपनी बात थोपना चाहती हैः तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार और किसानों की कई दौर की वार्ता चल रही है लेकिन नतीजा नहीं निकल रहा है। यह दर्शाता है कि सरकार किसानों पर अपनी बात थोपना चाहती है। किसान आंदोलन को पहले दिन से ही बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
 

09:16 PM, 28-Jan-2021

बॉर्डर इलाकों में दिल्ली पुलिस ने लगाई धारा-144

दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर इलाके में धारा-144 लगाकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाकर पुलिस बल की संख्या को बढ़ा दिया गया। वहीं दूसरी ओर गाजीपुर खाली कराने के दौरान दिल्ली व यूपी पुलिस ने एनएच-24 और एनएच-9 को गाजीपुर के पास से बंद कर दिया। इसकी वजह से एनएच-24 पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने ट्वीट कर वाहन चालकों से दूसरे रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी।

09:10 PM, 28-Jan-2021

लोक शक्ति और बीकेयू ने आज केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की

दिल्ली: भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) और बीकेयू (एकता) के सदस्यों ने आज केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की। लोक शक्ति के एसएस भाटी ने कहा, "लाल किले की घटना से हम भी आहत हैं। सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि वे किसानों के साथ बातचीत के दौरान प्रतिबद्ध रहेंगे।"
 

09:01 PM, 28-Jan-2021

राकेश टिकैत ने मंच के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा

राकेश टिकैत ने मंच के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। उनका आरोपी है कि यह आदमी मंच पर चढ़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने इसे भाजपा का बताया है। 

राकेश टिकैत इस व्यक्ति को थप्पड़ भी मारा। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई है और पूछताछ कर रही है। पकड़े गए शख्स ने अपना नाम देवेंद्र बताया है। उसने बताया कि वह अक्षरधाम दिल्ली का रहने वाला है। वो हर एक आंदोलन में पहुंचता है। उसने बताया कि उसे किसानों ने घसीट कर पीटा और उसका मोबाइल छीन लिया।  
 

08:43 PM, 28-Jan-2021

भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे

लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर को मनाकर वापस भेज दिया है। विधायक ने बताया अगर रविवार तक सभी देशद्रोही बॉर्डर से नहीं उठे तो वह खुद बॉर्डर खाली कराएंगे। 

07:45 PM, 28-Jan-2021

पुलिस ने बुराड़ी ग्राउंड भी कराया खाली, 15 लोगों को लिया हिरासत में

पुलिस ने बुराड़ी स्थित निरंकारी ग्राउंड भी खाली करवा लिया। पिछले करीब दो माह से यहां कुछ किसान धरने पर बैठे थे। आंदोलन शुरूआत के समय पुलिस के कहने पर ही यह किसान सड़कों को छोड़कर यहां आए थे। पुलिस के आदेश के बाद किसान यहां से सिंघु बॉर्डर शिफ्ट हो गए। वहीं पुलिस ने 26 जनवरी को हिंसा करने के शक में यहां से करीब 15 किसानों को हिरासत में लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

07:36 PM, 28-Jan-2021

जब तक गांव के लोग ट्रैक्टरों से पानी नहीं लाएंगे, पानी नहीं पीऊंगाः राकेश टिकैत

राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक सरकार से बात नहीं होगी धरणा प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। जब तक गांव के लोग ट्रैक्टरों से पानी नहीं लाएंगे, पानी नहीं पीऊंगा। प्रशासन ने पानी हटा दिया, बिजली काट दी, सारी सुविधा हटा दी।
 

07:25 PM, 28-Jan-2021

हम धरना तो समाप्त कर देंगेः नरेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि हम धरना तो समाप्त कर देंगे। धरना स्थल (गाजीपुर बॉर्डर) पर पानी, बिजली अन्य सुविधाएं बंद कर दिए गए हैं। अब हम वहां क्या करेंगे? उठ ही जाएंगे।
 

07:19 PM, 28-Jan-2021

कानून वापस नहीं हुए तो आत्महत्या करूंगा : राकेश टिकैत

राकेश टिकैत ने मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए और कहा कि यदि कृषि कानून वापस नहीं हुए तो मैं आत्महत्या कर लूंगा। उन्होंने कहा कि देश के किसानों पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है।

07:51 AM, 28-Jan-2021

राकेश टिकैत ने मंच पर एक संदिग्ध को पकड़ा, मारा थप्पड़, बोले- ये भाजपा का आदमी है

मथुरा में पूर्व सांसद और डीएम-एसएसपी के आश्वासन पर किसानों का धरना स्थगित 
मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र में 20 जनवरी से भारतीय किसान कल्याण समिति के बैनर तले किसान नेता चौ. रामबाबू सिंह कटैलिया के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन 9वें दिन स्थगित कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद चौ. बाबूलाल, डीएम नवनीत चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की गुरुवार को तकरीबन डेढ़ घंटे किसान नेताओं से 11 सूत्री मांग पत्र पर वार्ता हुई। इसके बाद किसान मान गए। 

किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी बोले- जब तक सांस चलेगी तब तक लड़ेंगे 
किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि जबरदस्ती से किसान आंदोलन बंद नहीं होगा। जब तक सांस चलेगी तब तक लड़ेंगे। अभी हमारी कोई योजना नहीं है। अभी हम मीटिंग करेंगे। पता नहीं सरकार क्या-क्या षड्यंत्र करती है। 

26 जनवरी की हिंसा के संबंध में दिल्ली के कई पुलिस स्टेशनों पर 33 प्राथमिकी दर्ज की गई
26 जनवरी की हिंसा के संबंध में दिल्ली के कई पुलिस स्टेशनों पर 33 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उनमें से नौ को अपराध शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस मामले में किसान नेताओं सहित 44 लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है: दिल्ली पुलिस

राकेश टिकैत बोले- मैं सरेंडर नहीं करूंगा
गाजीपुर बॉर्डर पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि मैं सरेंडर नहीं करूंगा। लाल किले पर जिसने भी झंडा फहराया है, उसकी जांच होनी चाहिए। 

गाजीपुर बॉर्डर पर दोनों तरफ से बंद, डायवर्ट किया गया ट्रैफिक
गाजीपुर बॉर्डर दोनों तरफ से बंद है। ट्रैफिक को रोड नंबर 56, अक्षरधाम और निजामुद्दीन से मोड़ दिया गया है। दूसरी तरफ सिंघू, औचंदी, मंगेश, सबोली, पियाउ मनियारी सीमाएं बंद कर दी गई हैं।

आज रात खाली हो सकता गाजीपुर बॉर्डर, किसानों को दिया गया अल्टीमेटम
यूपी गेट पर धरना स्थल को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा किसानों को अल्टीमेटम दे दिया गया है। आज रात तक धरना स्थल हो सकता है खाली। जिला मजिस्ट्रेट अजय शंकर पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर उपस्थित हैं। धरना स्थल को खाली कराने की जिला प्रशासन के द्वारा पूरी तैयारी की गई है। 

यूपी गेट पर गाजियाबाद जिले के सभी थानों से बुलाई गई फोर्स
यूपी गेट पर गाजियाबाद जिले के सभी थानों से फोर्स बुला ली गई है। जिला प्रशासन ने किसानों को यूपी गेट खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस यूपी गेट पर ड्रोन कैमरे से निगरानी कर रही है। साथ ही यूपी गेट पर कुछ लोग पहुंचे हैं, जो हमारी बॉर्डर खाली करो के नारे लगा रहे हैं। 

30 जनवरी से अन्ना हजारे किसानों की मांगों को लेकर करें विरोध प्रदर्शन
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का कहना है कि वह 30 जनवरी से महाराष्ट्र के अहमदनगर में रालेगण सिद्धि में किसानों से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। समर्थकों से अपने-अपने स्थानों पर विरोध करने का आग्रह किया गया है।
 

किसान महापंचायत ने शाहजहांपुर पर विरोध स्थल खाली करने का निर्णय लिया
किसान महापंचायत रामपाल जाट ने कहा कि हमने 21 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा से खुद को अलग कर लिया था लेकिन विरोध का समर्थन कर रहे थे। अब, हम हर चरण का विश्लेषण करने के बाद आंदोलन का समर्थन करेंगे। हमने शाहजहांपुर (राजस्थान-हरियाणा सीमा) पर विरोध स्थल खाली करने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि 26 जनवरी को लाल किले की घटना की जिम्मेदारी लेने वाले को गिरफ्तार नहीं किया गया है। यह दर्शाता है कि यह सरकार की साजिश है। मामले की जांच होनी चाहिए।


किसानों के आंदोलन में बैठा है लक्खा सिधाना
लाल किले पर तिरंगे के अपमान को लेकर जिस लक्खा सिधाना को दिल्ली पुलिस ढूंढ रही है, वह किसानों के आंदोलन में बैठा है। गुरुवार को दोपहर बाद लक्खा सिधाना ने किसान आंदोलन से लाइव होकर पंजाबियों से इस आंदोलन को बचाने की अपील की। उसका कहना है कि जो भी घटना हुई है, उसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है।

किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए साजिश के तहत हरकते कराई गईः मनीष सिसोदिया
आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में किसनों पर चर्चा की गई। किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए साजिश के तहत हरकते कराई गई। 26 जनवरी को दिल्ली में हिंसा के गुनहगारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों की मांगें अभी तक मानी नहीं गई हैं: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने पुलिस कर्मियों के नाम लिखा पत्र
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन. श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस कर्मियों को पत्र में लिखा कि 26 जनवरी को किसान आंदोलन के हिंसक हो जाने पर आपने अत्यंत संयम और सूझबूझ का परिचय दिया। मैं आपके संयम और धैर्य के लिए धन्यवाद देता हूं।
 

यूपी गेट पर कम हुई है किसानों की संख्या
26 जनवरी को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद कुछ किसान संगठनों ने स्वेच्छा से चिल्ला बॉर्डर, दलित प्रेरणा स्थल से आंदोलन वापस ले लिया। बागपत में लोगों को समझाने के बाद उन्होंने रात में धरना खत्म कर दिया। यूपी गेट पर अभी कुछ लोग हैं, उनकी संख्या काफी कम हुई हैः एडीजी (कानून-व्यवस्था), यूपी

दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर चल रही उच्च स्तरीय बैठक
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। नए मुख्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में स्पेशल कमिश्नर (इंटेलीजेंस ) दीपेंद्र पाठक सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। किसानों के मसले पर अगला ऑपरेशन/सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित मसलों पर बैठक चल रही है। 26 जनवरी को हुए हंगामा को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो रही है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी अगली रणनीति बना रहे हैं।

बिजली के बाद यूपी गेट पर गाजियाबाद प्रशासन से पानी सप्लाई किया बंद, शौचालय भी हटाया
किसान आंदोलन में शामिल किसानों का अब बिजली कटने के बाद खाने-पीने और अन्य कामों के लिए जरूरी पानी भी न मिलने का आरोप है। उत्तराखंड के एक किसान ने बताया कि वह कौशांबी में टैंकर लेकर पानी लेने गए थे मगर वहां मौजूद कर्मचारियों ने पानी देने से मना कर दिया। इसके साथ ही गाजियाबाद नगर निगम यहां से अपने शौचालय भी वापस ले गई है। इस पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रशासन ने आंदोलन स्थल पर पानी बंद कर दिया है जिससे किसान परेशान होकर यहां से चले जाएं, इसके बाद उन्होंने कहा कि यह आंदोलन लंबा चलेगा, दिल्ली पुलिस द्वारा नोटिस मिलने को लेकर कहा कि वकील द्वारा दिल्ली पुलिस के सभी सवालों का जवाब दिया जाएगा।

सिंघु बॉर्डर पर बढ़ाई सुरक्षा, दंगे से निपटने का किया अभ्यास, आंदोलनकारियों के खिलाफ हुआ प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर आज सुरक्षा बढ़ा दी है। दंगे से निपटने के लिए सुरक्षाबलों ने अभ्यास भी किया। इसके साथ ही यहां आंदोलनकारी किसानों के खिलाफ भी प्रदर्शन हो रहा है। इसमें स्थानीय लोग शामिल हैं।

कांग्रेस समेत 16 पार्टियां करेंगी राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार
कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद ने बजट सत्र की शुरुआत से पहले 16 राजनीतिक पार्टियों की तरफ से बयान जारी करते हुए कहा कि हम कल होने वाले राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेंगे। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह कृषि कानून हैं जो सदन  में जबरन पास किए गए थे, वो भी बिना विपक्ष की मौजूदगी के।

आम आदमी पार्टी कृषि कानूनों के विरोध के चलते राष्ट्रपति के अभिभाषण का करेगी बहिष्कार
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि, हम लोग तीन कृषि कानूनों का विरोध करते रहे हैं और करते रहेंगे। इसलिए आम आदमी पार्टी महामहिम राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी और हमारे लोकसभा के सांसद भगवंत मान और राज्य सभा के हम तीन सांसद कल राष्ट्रपति के अभिभाषण कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
यूपी गेट पर चल रही बैठक
यूपी गेट पर 41वीं वाहिनी पीएसी में अधिकारियों की बैठक चल रही है। एडीजी, आईजी, एसएसपी, डीएम इस बैठक में मौजूद हैं। यहां प्रशासन रणनीति बना रहा है। माना जा रहा है कि किसानों को यूपी गेट छोड़ने का अल्टीमेटम दिया जा सकता है। यूपी गेट पर पुलिस और पीएसी के साथ-साथ आरआरएफ और आरएएफ की टुकड़िया भी तैनात की गईं हैं।

लाल किला हिंसा मामले में देशद्रोह केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी के दिन लाल किले पर हुई हिंसा में देशद्रोह का केस दर्ज किया है।

राकेश टिकैत के टेंट के बाहर दिल्ली पुलिस ने चस्पा किया नोटिस
दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हुए बवाल के मुकदमे को लेकर दिल्ली पुलिस थोड़ी देर पहले यूपी गेट पहुंची और राकेश टिकैत के टेंट के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया है। राकेश टिकैत ने पुलिस से व्हाट्सएप पर नोटिस मांगा है। वहीं, गाजियाबाद पुलिस-प्रशासन ने यूपी गेट पर फोर्स बढ़ा दी है। अलग-अलग टुकड़ियों की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है। भाकियू के पंचायत घर पर पुलिस वीडियो के जरिए हर गतिविधि पर नजर रख रही है।


अमित शाह घायल पुलिसवालों से मिले
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।

टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज 64वें दिन भी जारी है। आज यहां किसानों ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया।

गाजीपुर बॉर्डर पहुंचा भारी पुलिस बल
एडीजी, आईजी, डीएम, एसएसपी समेत भारी पुलिस बल गाजीपुर बॉर्डर पहुंचा है, जहां किसानों का आंदोलन चल रहा है। माना जा रहा है कि आज यहां से प्रदर्शन खत्म कराया जा सकता है।

नोएडाः दलित प्रेरणा स्थल से भी खत्म हुआ आंदोलन
आधी रात को दलित प्रेरणा स्थल से धरना दे रहे किसानों को पुलिस ने हटा दिया। अब दलित प्रेरणा स्थल भी खाली हो गया है।

किसान नेताओं के खिलाफ जारी होगा लुकआउट नोटिस
दिल्ली पुलिस ने जिन किसान नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी करेगी। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस किसान नेताओं के पासपोर्ट सरेंडर करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।

योगेंद्र यादव समेत 20 नेताओं को पुलिस ने भेजा नोटिस
दिल्ली पुलिस ने योगेंद्र यादव, बलदेव सिरसा और बलबीर एस राजेवाल समेत कम से कम 20 किसान नेताओं को ट्रैक्टर रैली के समझौते को तोड़ने को लेकर नोटिस भेजा है। इस पर उन्हें जवाब के लिए तीन दिन दिए गए हैं।

गाजियाबाद में हर थाने की पुलिस को किया अलर्ट, आज खाली हो सकता है गाजीपुर बॉर्डर
गाजियाबाद में सभी थानों में पुलिस को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। हर थाना पुलिस को निर्देश दिया गया है कि बॉडी प्रोटेक्टर व हेलमेट के साथ तैयार रहें। यूपी गेट पहुंचने से 15 मिनट पहले निर्देश दिया जाएगा।

टिकरी बॉर्डर पर बढ़ाई सुरक्षा, जारी है प्रदर्शन
26 जनवरी की हिंसा के बाद टिकरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। हालांकि इसके बाद भी कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।

गृहमंत्री आज घायल पुलिसकर्मियों से मिलेंगे
दिल्ली में 26 जनवरी के दिन हुई हिंसा में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। देश के गृहमंत्री अमित शाह आज इन घायल पुलिसवालों से मिलने अस्पताल जाएंगे।

दिल्ली पुलिस ने खुलवाया दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाला मार्ग
दिल्ली पुलिस ने आज एनएच-24 पर दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाला रास्ता खुलवाया। इसके बाद इस रूट पर ट्रैफिक सामान्य हो गया है।

लाल किले पर भारी सुरक्षाबल तैनात
लाल किले पर 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद गुरुवार को यहां की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। लाल किले पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।

रातभर पहरा देते रहे 50-60 किसान, लगाते रहे नारे
बुधवार को दिल्ली पुलिस द्वारा किसान नेताओं पर एफआईआर दर्ज करने के बाद रात को यूपी गेट का नजारा कुछ अलग ही दिखाई दिया। बुधवार की रात 50-60 किसान पूरी रात बारी-बारी से पहरा देते रहे। वहीं किसान नेता और भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व गाजीपुर आंदोलन कमेटी के सदस्य जगतार सिंह बाजवा भी यूपी गेट पर रात भर किसानों के साथ मौजूद रहे। दोनों नेता किसानों के साथ अलाव तापते नजर आए। वहीं किसान लगातार 'टिकैत अमर रहें' और 'किसान एकता जिंदाबाद' के नारे लगाते रहे। इस दौरान यूपी पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार निगरानी करती रही। डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में कई बार पुलिस आंदोलनस्थल के पास से भी गुजरी लेकिन किसान नेताओं को गिरफ्तार करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

दिल्लीः जामा मस्जिद और लाल किला मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
दिल्ली मेट्रो ने एहतियात के तौर पर आज लाल किला मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास दोनों द्वार बंद रखने की सूचना दी है, वहीं जामा मस्जिद स्टेशन का प्रवेश द्वार भी आज बंद रहेगा। अन्य सभी स्टेशन व रूट पर मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

बुधवार देर रात सीओ बड़ौत पुलिस बल लेकर पहुंचे तो किसानों में मची भगदड़
बड़ौत में धरना दे रहे किसानों से बुधवार दिन में वार्ता बेनतीजा रहने के बाद देर रात पुलिस धरनास्थल पर पहुंची और किसानों पर लाठियां फटकारी। इस दौरान कुछ किसान सो रहे थे तो कुछ रागिनी सुन रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही धरनास्थल पर भगदड़ मच गई। पुलिस किसानों का सामान जबरन लादकर ले गई। इस दौरान एक बुजुर्ग सुमेर सिंह पुलिस की लाठी लगने से घायल हुए हैं। भगदड़ में कुछ किसानों को चोट आई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें