दिल्ली पुलिस ने किसानों को 37 प्वाइंट की गाइड लाइन दी है। इसमें 12 से पांच बजे के बीच मार्च निकालने व पांच हजार ट्रैक्टर के प्रवेश की इजाजत है।
बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन की वजह से रेल यात्रियों की मुसीबत बनी हुई है। पंजाब रूट पर चलने वाली ट्रेन अभी तक तो प्रभावित हो ही रही थी अब मंगलवार को ट्रैक्टर रैली की वजह से और परेशानी बढ़ेगी। रेलवे एहतियात के तौर पर आनंद विहार रेलवे स्टेशन रूट से चलने वाली कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाएगा। इनमें कई ट्रेनों को रेलवे ने निरस्त भी करने का निर्णय लिया है।
योगेंद्र यादव ने कहा कि कल जो भी परेड होगा वो शांतिपूर्ण तरीके से होगा और इससे देश की गणतंत्र की इज्जत बढ़ेगी, घटेगी नहीं।
स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि कल 9 जगह से किसान गणतंत्र परेड निकलेगी। सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, गाज़ीपुर बॉर्डर, धंसा बॉर्डर, चिल्ला बॉर्डर इसके अलावा 4 और बॉर्डर हैं जो कि हरियाणा बॉर्डर पर होगा। कल शाहजहांपुर से गणतंत्र परेड निकलेगी और यहां से 20-25 राज्यों की झांकियां निकलेगी।
क्रांतिकारी किसान यूनियन दर्शन पाल ने कहा कि हम 1 फरवरी को संसद की ओर कूच करेंगे। इस दिन कैसे कहां जाना है ये हम 28 जनवरी को तय करेंगे।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड को केवल देश ही नहीं पूरी दुनिया देखेगी। आजादी के बाद किसानों की इतनी बड़ी रैली नहीं निकली है। ट्रैक्टर परेड में ज़्यादा लोग आएंगे और अपनी शक्तियों का प्रदर्शन करेंगे।
क्रांतिकारी किसान यूनियन के दर्शन पाल ने कहा कि एक फरवरी को हम दिल्ली के अलग-अलग जगहों से संसद की ओर पैदल मार्च करेंगे। उसी दिन यानि एक फरवरी को ही आम बजट भी पेश किया जाएगा।
किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के श्रवण सिंह पंढेर ने कहा कि दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर हम शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर रैली करेंगे और रैली करने के बाद हम अपने स्थान पर वापस आ जाएंगे। हमारा आंदोलन 26 जनवरी के बाद भी चलेगा।
दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड से पहले गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक चल रही है। बैठक में गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, आईबी चीफ, दोनों गृह राज्य मंत्री शामिल हुए हैं।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, 26 जनवरी की शाम 6 बजे तक ये बॉर्डर बंद रहेंगे। साथ ही ट्रैक्टर रैली निकलने वाले रूट पर सभी कट को पुलिस ने बंद करना शुरू कर दिया है। इससे वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है।
किसान परेड और ट्रैक्टर रैली को लेकर 25 जनवरी की रात 10 बजे से महाराजपुर, अप्सरा, सूर्यनगर और राम प्रस्थ बॉर्डर से दिल्ली नहीं जा सकेंगे। दिल्ली पुलिस ने यह निर्णय लिया है। भोपुरा बॉर्डर और नोएडा होकर ही वाहन चालक दिल्ली आ ओर जा सकते हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मीनू चौधरी ने कहा कि ट्रैक्टर रैली के कारण जो ड्राइवर्जन रूट हैं-एनएच 44 का ट्रैफिक जो जी.टी रोड की ओर जाता है वो सिंघू सानी मंदिर, अशोक फार्म, सुंदरपुर, मुकरबा चौक पर ड्राईवर्ट होगा।
दिल्ली जयपुर हाईवे के खेड़ा बॉर्डर व मसानी बैराज से किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति नहीं मिली। किसान संगठनों व पुलिस के बीच ट्रैक्टर परेड पर गुरुग्राम के मानेसर तक सहमति बन गई है। 25 राज्यों की झांकी के साथ किसान सुबह 9 बजे रवाना होंगे।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान ने तिरंगे को अपने खेत से जोड़ दिया है। सैनिक परेड निकालते हैं और किसान भी परेड निकालेगा। हम ही किसान है और हम ही जवान है। ट्रैक्टर परेड में हमारा हर आदमी पूरी तरह से सैनिक का काम करेगा। हमारी दिल्ली पुलिस से कोई हार जीत नहीं है।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र ने ऐसा राज्यपाल पहले कभी नहीं देखा है। उनके पास कंगना रनौत से मिलने का समय है लेकिन किसानों से नहीं। यहां आने और आपसे मिलने के लिए राज्यपाल की नैतिक जिम्मेदारी थी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मीनू चौधरी ने कहा कि कंझावला का ट्रैफ़िक कराला, कंझावला गांव और कुतुब गादी सड़क पर मोड़ जाएगा।
संयुक्त पुलिस उपायुक्त मीनू चौधरी ने कहा कि दिल्ली में बाहर से गाड़ी के द्वारा आने वाले लोगों को निर्देश हैं कि वे NH-44, जी.टी.के रोड, संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, बादली मेट्रो स्टेशन, बादली बवाना रोड, बवाना चौक इन मार्ग पर जाने से बचे।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के साथ 11वें दौर की वार्ता के बाद जब समाधान नहीं निकला तब मैंने किसानों से कहा कि डेढ़ साल के लिए कानूनों के क्रियान्वयन को स्थगित कर देते हैं, SC ने स्थगित किया है तो हम उनसे अनुरोध करेंगे कि थोड़ा और समय दें ताकि उस समय में हम लोग बातचीत के जरिए हल निकाल सकें।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि संसद के आगामी सत्र में तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के लिए सरकार को एक और विधेयक लाना चाहिए, इसे कानून के रूप में पारित करना चाहिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुझे लगता है कि आने वाले कल में इसका समाधान निकल जाएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान को उसके उत्पादन का सही दाम मिल सके, किसान महंगी फसलों की ओर आकर्षित हो सके इसलिए जहां कानून बनाने की आवश्यकता थी वहां कानून बनाए गए और जहां कानून में बदलाव की आवश्यकता थी वहां कानून में बदलाव भी किए गए। इसके पीछे सरकार और प्रधानमंत्री की साफ नीयत हैं।
शरद पवार ने कहा कि ठंड के मौसम में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान पिछले 61 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री ने उनके बारे में पूछताछ की है? क्या ये किसान पाकिस्तान के हैं?
महाराष्ट्र: मुंबई के आजाद मैदान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने किसानों के प्रदर्शन में भाग लिया। NCP प्रमुख शरद पवार ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में मुंबई में किसान रैली को संबोधित किया।
दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम ने कहा है कि किसानों की ट्रैक्टर रैली के चलते मंगलवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक आनंद विहार आईएसबीटी से अंतरराज्यीय बसों और लोकल बसों का परिचालन नहीं होगा। यहां से चलने वाली अंतरराज्यीय बसें सराय काले खां से चलेंगी।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर का बयान है कि हमें इनपुट्स मिले हैं कि कुछ लोग किसान मार्च का फायदा उठाना चाहते हैं और भड़का रहे हैं हमारी इन पर नजर है। उन्होंने कहा हमें उम्मीद है जो रूट तय हुआ है किसान मार्च में उसी को फॉलो करेंगे लेकिन अगर किसी ने अपना वादा तोड़ा और रूल तोड़ा तो दिल्ली पुलिस एक्शन लेने में पीछे नहीं हटेगी।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन.श्रीवास्तव गणतंत्र दिवस पर होने वाली किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली की तैयारियों का जायज़ा लेने मुकरबा चौक पहुंचे। उन्होंने कहा,"किसानों से बातचीत करने के बाद हमने रूट तय कर दिया है जिसको वो मानते हैं। हमें उम्मीद हैं कि वो उसी रूट पर ही जाएंगे।"
दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि किसान नेताओं के साथ चर्चा के बाद हमने ट्रैक्टर रैली (26 जनवरी को) के लिए 3 मार्गों पर पारस्परिक रूप से सहमति व्यक्त की है। पुलिस और किसान नेताओं ने मार्गों का दौरा किया है। कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व हैं जो व्यवधान पैदा कर सकते हैं। हम इसके बारे में सावधान हैं।
सिंघु बॉर्डर पर ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए लाइफ केयर फाउंडेशन की ओर से बनाया गया ट्राली पर हॉस्पिटल(किसान हॉस्पिटल ऑन व्हील)। कल यह ट्राली किसानों के साथ जाएगी।
अमित शाह की अध्यक्षता में किसान ट्रैक्टर रैली को लेकर आज शाम पांच बजे बैठक होगी, जिसमें कल के लिए रणनीति तैयार होगी।
26 जनवरी को 1000 से 1200 वॉलंटियर्स किसानों के साथ ट्रैक्टर मार्च में चलेंगे। गाजीपुर से 25000 ट्रैक्टर मार्च में शामिल होंगे। गाजीपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टर रैली में चलने वाले किसानों का ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड लेकर उनका रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों से गणतंत्र दिवस के दिन होने वाली ट्रैक्टर रैली के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून-व्यवस्था), प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि, एनसीआर में किसानों के ट्रैक्टर मार्च का पूरा रूट तय कर लिया गया है। किसान संगठनों से बात कर ली गई है और दिल्ली पुलिस से भी वार्ता हुई है। सभी के सहयोग और संवाद से ही हम चीजों को हल करेंगे।
महाराष्ट्र के मुंबई के आजाद मैदान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने किसानों के प्रदर्शन में भाग लिया।
सम्मानित किसान भाइयों से अपील किसान ट्रैक्टर परेड के दौरान ध्यान देने योग्य सावधानियां :
1-हम राष्ट्रीय ध्वज को अपने वाहन/ट्रैक्टर पर सीधा मजबूती से बांधे ताकि ध्वज झुके नहीं।
2-हमारा राष्ट्रीय ध्वज यूनियन के ध्वज से ऊंचा हो।
3-हमारा राष्ट्रीय ध्वज मैला न हो।
4-हमारा राष्ट्रीय ध्वज गलती से भी उल्टा न हो केसरिया रंग ऊपर हो।
5-हमारा राष्ट्रीय ध्वज कटा-फटा न हो ।
6-जब राष्ट्र गान हो हम सम्मान करते हुए सावधान खड़े होंगे।
7-राष्ट्र गान ट्रैक्टरों पर चलते हुए न बजाएं।
8-कोशिश करें सिर पर अपनी पुरखों की पगड़ी हो ताकि ठंड न लगे और हम अन्नदाताओं के सम्मान का प्रतीक हमारे शीश पर रहे।
9-हम रात को अपना राष्ट्रीय ध्वज उतार लेंगे।
10-कोई भी किसान भाई राष्ट्रीय ध्वज को फेंकेगा नहीं सम्मान सहित अपने पास रखेगा।
11-हो सकता है कुछ नासमझ राष्ट्रीय ध्वज को कहीं गिरा दें तो ध्यान रहे कहीं ध्वज गिरा मिले तो उठा लें।
12-ट्रैक्टर परेड के दौरान अपने ट्रैक्टर को ओवरटेक ना करें।
13-आपके आसपास कोई असामाजिक तत्व नजर आए -तो उसकी जानकारी किसान नेता या पुलिस को तुरंत दें ।
14-जाम खुलवाने में प्रशासन की मदद जरूर करें ।
यूपी गेट पर किसानों की ट्रैक्टर रैली से पहले डीएम अजय शंकर पांडेय और एसएसपी कलानिधि नैथानी राकेश टिकैत के साथ बैठक करने पहुंचे।
दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 स्तिथ खेड़ा बॉर्डर से रूट को लेकर पुलिस व किसानों के बीच अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। आज का करीब एक बजे पुलिस व किसान संगठनों के बीच दोबरा बात होगी।
कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से किसान मुंबई के आजाद मैदान में जमा हुए हैं। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, 'जब तक कानून वापस नहीं होंगे किसानों का आंदोलन नहीं रुकेगा। हम आज रैली करने के बाद राज्यपाल को ज्ञापन देने जाएंगे।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेता सुखविंदर सिंह सभरा ने कहा कि, शर्तों के साथ रैली निकालने की बात को हम नामंजूर करते हैं। सुबह 10 बजे हमारी पुलिस के साथ बैठक है उसमें तय किया जाएगा कि कौन से रूट पर रैली निकालनी है और कितने बजे रैली निकालनी है। 12 बजे रैली निकालने का कोई तुक नहीं बनता है।
किसान नेता हरिंदर सिंह लखोवाल ने आज कहा कि हमारा रूटमैप कुल 500 किलोमीटर का है। हमने रूटमैप बना लिया है और कल नेट पर डाल देंगे। सरकार इंतजाम करे ताकि कुछ गड़बड़ न हो। हमने 3,000 वालंटियर की फोर्स बनाई है ताकि कुछ गड़बड़ न हो। ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्वक होगी।
गणतंत्र दिवस पर कल होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली से पहले गाजीपुर बॉर्डर पर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं। ट्रैक्टर और ट्रालियों की लंबी कतार बॉर्डर के आसपास लग गई है।