फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चक्का जाम का दिल्ली में नहीं दिखा असर, पुलिस का पहरा सख्त, किसानों ने नहीं लांघी सीमा

Sat, 06 Feb 2021 10:53 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली में रहा पुलिस का सख्त पहरा - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

गणतंत्र दिवस की हिंसा के मद्देनजर शनिवार को किसानों के चक्का जाम से निपटने के लिए पुलिस ने दिल्ली में सख्त पहरेदारी की। सीमाओं के साथ पूरी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर करीब 40 हजार पुलिस व अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात रहे। किसानों के समर्थन में शहीदी पार्क में लोगों के जमा होते ही पुलिस पहुंच गई और करीब 60 लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, एहतियातन दिल्ली के दस मेट्रो स्टेशन भी करीब पांच घंटे तक बंद कर दिए गए थे। उधर, भारी-भरकम सुरक्षा बंदोबस्त के बीच संयुक्त किसान मोर्चा शनिवार को अपने वायदे पर कायम रहा और किसानों ने इस बार दिल्ली की सीमा नहीं लांघी।

विज्ञापन


केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने शनिवार 12 बजे से तीन बजे के बीच राष्ट्रव्यापी चक्का जाम का एलान किया था। इसके तहत राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय हाइवे को बंद करना था। दिल्ली की सीमाओं की घेराबंदी को देखते हुए किसानों ने दिल्ली-एनसीआर को इससे बाहर रखा था। हालांकि, बाद में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के चक्का जाम को भी वापस ले लिया। बावजूद किसानों के एलान के दिल्ली पुलिस हर जगह सतर्क रही। गणतंत्र दिवस की हिंसा को देखते हुए सीमाओं समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम थे। गाजीपुर, सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर कई स्तर का सुरक्षा बनाने के साथ दिल्ली के आईटीओ, लाल किला, अक्षरधाम, इंडिया गेट आदि संवेदशील इलाकों में पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात थे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 26 जनवरी को जिन जगहों पर हिंसा हुई थी, उन जगहों खासकर अक्षरधाम, आईटीओ और लाल किले पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये थे। करीब 40 हजार पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों को बॉर्डर व दिल्ली के अनेक प्वाइंट पर तैनात किये गये थे। सीमा पर बहुस्तरीय बैरिकेड्स, कांटेदार तारों और कील के अतिरिक्त अन्य अवरोधक लगाए गए थे और किसी को भी आने जाने की अनुमति नहीं थी। बॉर्डर के चार किलोमीटर के इलाके में सात लेयर की सुरक्षा की गयी थी। सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा के इंतजाम के साथ साथ दिल्ली में प्रवेश करने वाली करीब 125 सड़कों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये थे। सुबह से ही बॉर्डर पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही थी और बॉर्डर इलाके में वीडियोग्राफी करवायी जा रही थी। 
विज्ञापन


दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि दिल्ली में चक्का जाम का असर नहीं था। दिल्ली में सभी कुछ सामान्य और शांतिपूर्ण रहा। एतियातन तौर पर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से सर्तक थी और बॉर्डर से लेकर दिल्ली के अंदरूनी हिस्सों में पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक जवानों को तैनात किया गया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें