दिल्ली पुलिस ने बरेली में फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी बेचने और यूपी सरकार की पेंशन स्कीम दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भांडाफोड़ किया है। स्थानीय पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बरेली के शामतगंज में छापा मारकर मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार किया है।
बृहस्पतिवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपियों से 20 मोबाइल फोन, 10 डेबिट कार्ड, 40 रजिस्टर, एक टैब व अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी देशभर में सैकड़ों लोगों से ठगी कर चुके हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि 30 जून को मंडावली निवासी शख्स ने 1.38 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी एक इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर होने वाली थी। इसी दौरान एक शख्स ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर उसे कॉल की।
आरोपी ने बताया कि उन्हें पॉलिसी का पैसा मिलने के अलावा यूपी सरकार की ओर से पेंशन स्कीम का लाभ भी मिल सकता है। उन्हें तीन हजार रुपये हर महीने मिलेंगे। इसके लिए उन्हें कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पीड़ित ने उसके झांसे में आकर सवा लाख रुपये कॉल करने वाले शख्स के खाते में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस को शिकायत दी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पीलीभीत, यूपी निवासी अनिल कुमार गुप्ता और उसके सहयोगी रिठौरा, बरेली निवासी नसीम खान के रूप में हुई है। इस संबंध में मंडावली थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरोपियों तक यूं पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से बरेली स्थित शामतगंज पहुंच गई। वहां से मुख्य आरोपी अनिल व उसके साथ नसीम को दबोच लिया। दोनों ने बताया कि वह पॉलिसी धारकों का डाटा जुटाकर उनको कॉल करते थे। इसके अलावा कुछ लोगों को फर्जी पॉलिसी भी बेच दी जाती थीं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।