पंजाबी बाग इलाके की घटना, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाबी बाग इलाके में रहने वाले एक कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। गैंगस्टर ने गोल्डी बराड़ के नाम से वॉयस मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी पंजाबी बाग इलाके में रहता है। उसका इलाके में लॉन्ज है। पीड़ित ने पंजाबी बाग थाने में शिकायत में बताया कि उसके फोन पर एक वॉयस मैसेज आया है। जिसमें फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताकर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने पुलिस को वॉयस मैसेज सौंपा है। जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि कारोबारी की ओर से शिकायत दी गई है। पुलिस उस मोबाइल नंबर की जांच कर रही है, जिसके जरिए मैसेज भेजे गए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए धमकी देने वाले आरोपी की पहचान की जा रही है।